आधुनिक सुविधाओं से लैस दो और हमसफर ट्रेनें ट्रैक पर चलने का तैयार है। बृहस्पतिवार को विजयवाड़ा से रेल मंत्री सुरेश प्रभु तिरुपति-जम्मूतवी और हावड़ा-विजयवाड़ा हमसफर ट्रेन का हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पहले बुधवार को उन्होंने सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर कोच का मुआयना किया।
रेल मंत्री ने इस मौके पर कहा कि पहली हमसफर से ज्यादा सुविधाएं नई ट्रेन में दी गई हैं। आने वाली हमसफर में दूसरी अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जाएंगी। इसमें साइड लोअर में सिर्फ एक बर्थ है, जबकि पिछली ट्रेन में दो साइड लोअर बर्थ थे। हर बर्थ पर अलग-अलग चार्जिंग प्वाइंट व रीडिंग लाइट लगी है। सुरक्षा के लिये हर कोच में 6-6 सीसीटीवी लगे हैं।
वहीं, डिस्प्ले बोर्ड के साथ अनाउंसमेंट स्पीकर भी लगा है। इससे नियमित तौर पर यात्रियों की ट्रेन की लोकेशन पता लगती रहेगी। बता दें कि रेलवे ने नई समय सारिणी में 11 हमसफर ट्रेनों की घोषणा की है। इसमें से आनंद विहार गोरखपुर हमसफर ट्रेन पहले ही चालू कर दी गई है, बाकी ट्रेन भी जल्द ही चलने लगेंगी।