ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे में अब तक 261 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 1000 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। दावा किया जा रहा है कि बालासोर भारत का सबसे बड़ा ट्रेन हादसा है। मामले में राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी नेता रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं शनिवार देर शाम रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं, यहीं हूं। राजनीति न करें।
पढ़िए, क्या बोले रेल मंत्री
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शनिवार देर शाम मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बात की। इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं, यहीं हूं। यह समय राजनीति का नहीं है। लोकल जनसेवक, एनडीआरएफ, पुलिस सहित सभी पक्ष फिलहाल बहाली पर फोकस कर रहे हैं। एक स्वतंत्र कमेटी द्वारा मामले की जांच की जा रही है, 15-20 दिनों में जांच रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट में सभी कारणों का पता चल जाएगा, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले कुछ भी कह पाना संभव नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शाम को यहां आए थे। उन्होंने घटना का मुआयना किया था और घायलों से बात की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष ने की इस्तीफे की मांग
कांग्रेस ने ट्रेन हादसे को भीषण और खतरनाक करार दिया है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश जारी करते हुए कहा कि यह एक राष्ट्रीय हादसा है। पीएम मोदी और रेल मंत्री से मामले में कई सवाल पूछने हैं, लेकिन सवाल हम बाद में भी पूछ सकते हैं। अभी वक्त है कि इस राष्ट्रीय हादसे पर मदद और राहत पहुंचाने की। जितनी मदद हो सके, कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी तरफ से उतनी मदद करें। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता अलग-अलग राज्यों से बालासोर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश का कहना है कि घटना बहुत पीड़ादायक है।
Odisha Train Crash: क्या है ट्रेनों की टक्कर रोकने वाला 'कवच', क्या इस सिस्टम से टल सकता था बालासोर हादसा?
भारतीय नौसेना ने भेजी मेडिकल टीम
वहीं, ओडिशा ट्रेन दुर्घटना को लेकर भारतीय नौसेना ने INS चिल्का से सर्जिकल विशेषज्ञों, चिकित्सा सहायकों, एंबुलेंस और सहायता सेवाओं सहित 43 कर्मियों की एक चिकित्सा और सहायता टीम भेजी है। ये मेडिकल टीम वर्तमान में बालासोर के जिला मुख्यालय अस्पताल में घायलों का इलाज कर रही है। टीमों को राज्य के अधिकारियों के साथ समन्वय में तैनात किया गया है।
How Three Trains Crashed In Odisha: पांच ग्राफिक्स में समझें आखिर ओडिशा में एक ही जगह कैसे टकराईं तीन ट्रेनें?
58 ट्रेनें रद्द और 81 का बदला गया मार्ग
बालासोर ट्रेन दुर्घटना पर सूचना प्रकाशन रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक अमिताभ शर्मा ने अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि 2 घंटे पहले मिली जानकारी के मुताबिक 58 ट्रेनें रद्द हुई हैं और 81 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। 10 ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेटेड हुई हैं। बहाली का काम स्थल पर बहुत जोरो शोरो से चल रहा है और बहुत जल्द बहाली हो जाएगा।
विपक्ष का वार: सरकार का ध्यान केवल लग्जरी ट्रेनों पर; आम लोगों की हो रही उपेक्षा, इसी कारण गईं जानें