फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेल मंत्री गोयल ने कहा- रेलवे में व्यवसाय के कई अवसर, निजी क्षेत्र को दिया निमंत्रण

Mon, 22 Jun 2020 04:47 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि रेलवे में व्यवसाय के लिए बहुत सारे अवसर हैं, क्योंकि मंत्रालय रेल मार्गों और पार्सल गाड़ियों को किराये पर देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि रेलवे में माल ढुलाई का काम पिछले साल के 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है। रेलवे अब निजी क्षेत्र में 150 यात्री ट्रेन शुरू करने जा रहा है और इस योजना के लिए इच्छुक इकाइयों को आमंत्रित किया गया है।
विज्ञापन
रेल मंत्री पीयूष गोयल (फाइल फोटो) - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोयल ने उद्योगमंडल सीआईआई द्वारा आयोजित एक ऑनलाइन कार्यक्रम में कहा, 'निजी क्षेत्र लाखों तरीके से सहयोग कर सकता है... मैं नए मार्गों को पट्टे पर देने जा रहा हूं। आप (निजी कंपनियां) उन मार्गों की पहचान करें, जिनपर आप ट्रेन सेवा शुरू करना चाहते हैं।' 

विज्ञापन


उन्होंने कहा, यदि आप चाहते हैं तो हम आपके साथ नई लाइनों में निवेश करने के लिये भी तैयार हैं। हम ट्रैफिक मार्गों को पट्टे पर देने के लिये तैयार हैं, हम पार्सल ट्रेनों को पट्टे पर देने के इच्छुक हैं। इसलिए, निजी क्षेत्र के लिए रेलवे में बहुत सारे अवसर हैं।'

रेल मंत्री ने कहा कि निजी क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ एक एलिवेटेड गलियारे पर विचार कर सकता है, क्योंकि इसमें भूमि खरीदने की चुनौती नहीं होगी। उन्होंने कहा कि रविवार को रेलवे पिछले साल 21 जून की तुलना में लगभग 95 फीसदी माल की ढुलाई कर चुका है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा, 'हम 21 जून 2019 की तुलना में महज पांच फीसदी नीचे थे। यदि हम पूरे जून महीने को देखें तो हम माल ढुलाई के मामले में एक जून से 21 जून के दौरान लगभग आठ फीसदी नीचे हैं। जुलाई तक हम इसे बराबर कर लेंगे। अगस्त से सितंबर तक वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।'

मालगाड़ी की औसत गति के बारे में उन्होंने कहा कि पिछले साल 21 जून को यह 22.98 किमी प्रति घंटा थी और रविवार को 41.74 किमी प्रति घंटा थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्रालय आगे चलकर माल ढुलाई को सस्ता बना सकता है।

गोयल ने कहा, 'हम लंबे समय से प्रतीक्षित रख-रखाव कार्यों को पूरा करने के लिए इस समय का उपयोग बुद्धिमता से कर रहे हैं। इसके साथ ही वैसी कई लाइनों को इंटरकनेक्ट करने के लिए भी इस समय का उपयोग किया गया है, जिन्हें लंबे समय तक शटडाउन की आवश्यकता थी।'

उन्होंने कहा, 'हम इस समय का उपयोग रेलवे की समय सारिणी को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कर रहे हैं। हम माल और पार्सल ट्रेनों को टाइम टेबल में ला रहे हैं ताकि हम व्यवसायों को कम समय में लंबी दूरी की डिलिवरी के प्रति आश्वस्त कर सकें।'

इसके अलावा, उन्होंने कहा कि रविवार तक भारतीय रेलवे ने 4,553 श्रमिक विशेष ट्रेनों का परिचालन किया और इनकी संख्या लगातार कम हो रही है।

मंत्री ने कहा, '31 मई से 21 जून तक, यह 10 फीसदी से अधिक कम हुआ है। कल (रविवार) को सिर्फ तीन ऐसी ट्रेनों का परिचालन हुआ। इनकी मांग खत्म हो गई है। हमने उन सभी को वापस पहुंचा दिया है, जो घर वापस जाना चाहते थे। अब तक इन ट्रेनों से लगभग 75 लाख प्रवासी श्रमिकों ने यात्राएं की हैं।'

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें