ऑक्सीजन एक्सप्रेस पहुंची दिल्ली
- फोटो : अमर उजाला
कोविड काल में रेलवे ट्रैक पर सांसों को लेकर दौड़ती ऑक्सीजन एक्सप्रेस प्रतिदिन एक रिकार्ड बना रही है। 19 अप्रैल से अब तक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश को लगभग 4700 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन की आपूर्ति की है। ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने एक दिन में रिकॉर्ड 831 मीट्रिक टन तरल मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की।
भारतीय रेलवे वर्तमान समय में मौजूद चुनौतियों का सामना करते हुए देश के विभिन्न राज्यों की मांग पर तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति के अपने अभियान के तहत 295 टैंकरों में 4700 मीट्रिक टन से अधिक तरल चिकित्सा ऑक्सीजन की आपूर्ति की है।
इस अभियान तहत अभी तक 121 ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाई गई है। इसके अलावा कर्नाटक के लिए पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस अपने मार्ग पर है। झारखंड के टाटानगर से निकली यह ऑक्सीजन एक्सप्रेस 120 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की बंगलूरू में डिलीवरी करेगी।
रेलवे बोर्ड के सीईओ सुनीत शर्मा का कहना है कि रेलवे देश के कोने-कोने तक ऑक्सीजन पहुंचाने के अभीयान में जुटी है। इन ट्रेनों के मॉनीटरिंग को आसान करने के लिए बिजनेस डेवलॉपमेंट ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है। ताकि ऑनलाइन ट्रेनों की जानकारी मिलती रहती है।