महाराष्ट्र के रायगढ़ में शनिवार दोपहर एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई। हादसे के कारण पनवेल-वसई मार्ग पर जाम लग गया। मध्य रेलवे ने बताया कि घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। सभी सुरक्षित हैं। घटना के वजह से कई ट्रेनों के मार्गों को परिवर्तित करना पड़ा है। घटना स्थल पर करीब 250 मजदूर मौजूद हैं, जो वहां स्थिति बहाल करने और ट्रैक क्लियरिंग कर रहे हैं।
असम के धुबरी में रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि सुबह 3:01 बजे 3.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई 17 किलोमीटर थी।
अरुणाचल में पहली हाई एल्टीट्यूड मैराथन का आयोजन
अरुणाचल प्रदेश के तवांग स्थित हाई एल्टीट्यूड स्टेडियम से पहली मैराथन आयोजित हुई। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पहली तवांग मैराथन को हरी झंडी दिखाई। केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि भारतीय सेना और राज्य सरकार ने साथ मिलकर काफी अच्छा प्रयास किया है। मैराथन में शामिल होने बड़ी मात्रा में आए प्रतिभागियों को देखकर खुशी हो रही है। सीएम खांडू ने कहा कि भारतीय सेना के साथ मिलकर राज्य सरकार पहली बार हाई एल्टीट्यूड मैराथन का आयोजन कर रही है। करीब 2500 धावकों ने आधिकारिक तौर पर मैराथन में भाग लिया है। महिला प्रतिभागी भी यहां आईं हैं। तवांग मैराथन में आए सभी प्रतिभागियों को मेरी शुभकामनाएं।
सामान्य पाठ्यक्रम की मांग पर सीबीएसई ने हाईकोर्ट में दी जानकारी
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि ‘मुख्य तत्व’ के अलावा पाठ्यक्रम और संसाधनों की बहुलता वांछनीय है क्योंकि पूरे देश में एक समान बोर्ड या पाठ्यक्रम स्थानीय संस्कृति, संदर्भ और भाषा को ध्यान में नहीं रखता है। सीबीएसई ने स्कूलों में एक समान पाठ्यक्रम व पाठ्यचर्या की मांग करने वाली वकील अश्विनी कुमार उपाध्याय की जनहित याचिका के जवाब में यह बात कही है। सीबीएसई ने जवाबी हलफनामे में, याचिका को खारिज करने की मांग की और कहा कि एक राष्ट्रीय ढांचा है जो स्थानीय संसाधनों और लोकाचार पर जोर देने के लिए लचीलापन प्रदान करता है ताकि एक बच्चा पाठ्यक्रम और शिक्षा से जुड़ सके। शिक्षा संविधान की समवर्ती सूची में है, इसलिए राज्य सरकारों को स्कूलों के लिए पाठ्यक्रम, पाठ्यचर्या तैयार करना व परीक्षा आयोजित करना है।
नाम को लेकर नाराजगी कहीं लाखों लोगों का काम न बिगाड़ दे : वरुण गांधी
अमेठी स्थित संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस निलंबित होने के मामले में एक बार फिर नाराजगी जताते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने शनिवार को कहा कि नाम को लेकर किसी नाराजगी की वजह से लाखों लोगों का काम बर्बाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, सवाल संजय गांधी अस्पताल के 450 कर्मचारियों और उनके परिवार का ही नहीं, बल्कि रोज सैकड़ों की संख्या में इलाज कराने वाले सूबे की आम जनता का भी है। कहीं नाम के प्रति नाराजगी लाखों लोगों का काम न बिगाड़ दे। एजेंसी
विख्यात कार्टूनिस्ट और व्यंग्यकार एस सुकुमार पोट्टी नहीं रहे
जाने-माने कार्टूनिस्ट और व्यंग्यकार एस सुकुमार पोट्टी का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण शनिवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे। ज्यादातर लोग उन्हें सुकुमार के नाम से जानते थे। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। केरल में हास्य कलाकारों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन नरमा कैराली के लंबे समय तक वह अध्यक्ष रहे थे। उन्होंने मलयालम के प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों के साथ काम किया था, जिनमें मातृभूमि, मलयाला मनोरमा, जनयुगम आदि शामिल हैं।
सरकार ने बैंगलोर रोज प्याज पर निर्यात शुल्क हटाया
सरकार ने 'बैंगलोर रोज' प्याज पर कुछ शर्तों के साथ निर्यात शुल्क हटा दिया है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इसका लाभ उठाने के लिए निर्यातक को कर्नाटक के बागबानी आयुक्त से निर्यात किए जाने वाले बैंगलोर रोज प्याज और उसकी गुणवत्ता को प्रमाणित करते हुए दिया गया प्रमाणपत्र दिखाना होगा।
आज से ऑनलाइन गेमिंग कसीनो और घुड़सवारी पर लगेगा 28 फीसदी जीएसटी
ऑनलाइन गेमिंग, कसीनो और घुड़सवारी पर एक अक्तूबर से 28 फीसदी जीएसटी का भुगतान करना पड़ेगा। वित्त मंत्रालय ने ऑनलाइन, कसीनो और घुड़सवारी के लिए जीएसटी कानून के संशोधित प्रावधानों के क्रियान्वयन के लिए एक अक्तूबर की तारीख अधिसूचित की है। केंद्रीय जीएसटी अधिनियम में संशोधनों के मुताबिक, ऑनलाइन गेमिंग, कसीनो व घुड़सवारी को लॉटरी, सट्टेबाजी एवं जुए की तरह ‘कार्रवाई योग्य दावों’ के रूप में देखा जाएगा और इन पर 28 फीसदी जीएसटी लागू होगी। अधिसूचना के मुताबिक, एकीकृत जीएसटी कानून में संशोधनों के तहत विदेशी ऑनलाइन गेमिंग मंचों के लिए भारत में पंजीकरण कराना और घरेलू कानून के अनुसार कर का भुगतान करना अनिवार्य होगा।