महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अपने वायरल वीडियो की सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका किसी विवाद से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने केवल सड़क किनारे झगड़ रहे दो स्थानीय लोगों को आपसी समझ से मामला सुलझाने की सलाह दी थी।
दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया था कि अलीबाग के तटीय क्षेत्र में जमीन हड़पने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दावा किया कि माहट्रोली गांव में एक परिवार के यहां शादी के दौरान कुछ लोग परिसर में घुसकर जमीन की माप करने लगे, जिस पर विवाद हुआ।
विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए भाजपा विधायक नार्वेकर ने कहा कि वह कुछ दिन पहले अपने फार्महाउस जा रहे थे, तभी रास्ते में दो किसानों के बीच बहस होती देख रुके और उन्हें शांतिपूर्वक मामला सुलझाने की सलाह देकर आगे बढ़ गए। उन्होंने कहा कि इस विवाद से उनका किसी भी तरह का कोई लेना-देना नहीं है।
वीडियो में दिख रहे किसानों में से एक, रमेश पाटिल ने भी मीडिया से बातचीत में नार्वेकर का बचाव करते हुए कहा कि वह केवल वहां से गुजर रहे थे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे थे।