केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। जेटली के स्वास्थ्य, और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बारे में अभी कोई अधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहना चाहता। वह अपना इलाज कराने के लिए रविवार से अमेरिका में हैं। उनके कार्यालय सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह तक वित्त मंत्री अपना चिकित्सीय परीक्षण कराकर लौट सकते हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि जेटली को सॉफ्ट टिश्यू सरकोमा नाम का एक दुर्लभ किस्म का कैंसर होने का पता चला है।
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। राहुल ने अपने संदेश में कहा है कि वह वित्त मंत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम उनसे उनके विचारों को लेकर रोजमर्रा के कामकाज में लड़ते रहते हैं, लेकिन मैं और मेरी कांग्रेस पार्टी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने हम और हमारी पार्टी इस कठिन समय में पूरी तरह से आपके और आपके परिवार के साथ हैं।