भोपाल में पार्टी कार्यालय के बाहर समर्थकों का अभिवादन करते कमलनाथ
- फोटो : ANI
पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने सीएम पद के सभी दावेदारों को दिल्ली बुला लिया है। राहुल केंद्रीय पर्यवेक्षकों से मुलाकात कर विधायकों की राय जानेंगे। उम्मीद है कि तीनों राज्यों के सीएम के नाम पर फैसला गुरुवार को हो जाएगा।
केंद्रीय पर्यवेक्षक एके एंटनी की मौजूदगी में मध्य प्रदेश कांग्रेस विधायक दल ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर नया नेता चुनने का अधिकार राहुल को सौंपा। सूत्रों का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता कमलनाथ का सीएम बनना तय है पर राहुल की औपचारिक मुहर के बाद ही एलान किया जाएगा।
कहा जा रहा है कि सीएम की दौड़ में शामिल ज्योतिरादित्य सिंधिया को मना लिया गया है। एंटनी के सामने दोनों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। कमलनाथ ने देर शाम पार्टी नेताओं के साथ 121 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल आनंदीबेन को सौंपकर सरकार बनाने का दावा किया। राज्यपाल से मिलकर पार्टी नेताओं ने कहा कि 15 दिसंबर से खरमास शुरू हो जाएगा इसलिए उससे पहले ही सरकार बनाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
राजस्थान में अशोक गहलोत ने सचिन पायलट व अन्य नेताओं के साथ राज्यपाल कल्याण सिंह से मिलकर सरकार बनाने का दावा किया। इससे पहले केंद्रीय पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक में सीएम पर फैसले का अधिकार आलाकमान को सौंपा।
बैठक में सचिन पायलट व अशोक गहलोत के प्रशंसकों ने अपने नेता को सीएम बनाने की मांग को लेकर नारेबाजी की। वहीं छत्तीसगढ़ में केंद्रीय पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में पार्टी विधायकों ने सीएम के नाम पर फैसला लेने के लिए केंद्रीय नेतृत्व को अधिकृत किया है। यहां पर चार नेता सीएम पद की रेस में हैं।
अशोक गहलोत और सचिन पायलट दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। आज वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात करेंगे।
सचिन पायलट औऱ अशोक गहलोत दिल्ली पहुंच गए हैं। अशोक गहलोत ने कहा, 'पर्यवेक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से सभी की राय ले ली है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को (राजस्थान के सीएम उम्मीदवार पर) निर्णय लेना है। पर्यवेक्षक दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज बातचीत होगी और निर्णय लिया जाएगा।'
कांग्रेस नेता सचिन पायलट दिल्ली स्थित अपने आवास पहुंच गए हैं। वह आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। वहीं रिपोर्ट्स के अनुसार अशोक गहलोत अहमद पटेल के घर मुलाकात करने के लिए पहुंचे हैं।
मध्य प्रदेश के पर्यवेक्षक एके एंटेनी, प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार रात को ही दिल्ली पहुंच गए थे। सभी आज राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे।
राजस्थान के पर्यवेक्षक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य केसी वेणुगोपाल राहुल गांधी के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंच गए हैं।
संसद भवन पहुंचे राहुल गांधी ने तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों पर कहा कि जल्द फैसला होगा। उन्होंने कहा, 'हम पार्टी के विभिन्न लोगों से बात कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं और विधायकों से राय ले रहे हैं। आपको जल्द ही मुख्यमंत्री का पता चल जाएगा।'
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के छत्तीसगढ़ पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, 'सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष राहुल गांधी को कांग्रेस विधानसभा पार्टी (सीएलपी) का छत्तीसगढ़ के नेता का चुनाव करने के लिए अधिकृत किया है। वह जो भी फैसला लेंगे उसे सभी विधायक स्वीकार करेंगे।'
प्रियंका गांधी वाड्रा राहुल गांधी के घर पहुंच गई हैं। जल्द ही सीएम उम्मीदवारों के नामों की घोषणा हो सकती है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार टीएस सिंह देव ने कहा, 'हम गोपनीय बातचीत के निष्कर्ष को सार्वजनिक नहीं कर सकते हैं। विधायकों को यह अधिकार दिया गया है कि वह अपने व्यक्तिगत राय को अभिव्यक्त कर सकें। अभी किसी चीज का खुलासा नहीं होगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम आज लिया जाएगा।'
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सचिन पायलट के समर्थकों ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर नारे लगाए। उनकी मांग है कि पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया जाए।
पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के लिए सचिन पायलट उनके घर पहुंच गए हैं।
दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह ने कहा, 'मैं सबके साथ हूं। यहां मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई लड़ाई नहीं है। हाईकमान जो तय करेगा वह फैसला सबको स्वीकार्य होगा।'
अशोक गहलोत और सचिन पायलट राहुल गांधी के आवास पर बैठक करने के बाद उनके घर से रवाना हो गए हैं।
राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक ऐलान शाम को चार बजे हो सकता है। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के अनुसार अशोक गहलोत के नाम पर मुहर लगना तय है। आज गहलोत और सचिन पायलट ने दिल्ली में राहुल गांधी के आवास पर उनसे मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद दोनों नेता जयपुर लौट चुके हैं। इसी तरह मध्यप्रदेश के लिए कमलनाथ का नाम तय माना जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मध्यप्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए भोपाल में हवन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर सोनिया गांधी पहुंच गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के लिए नाम पर मुहर लग सकती है।
भोपाल में कांग्रेस पार्टी कार्यालय के बाहर ज्योतिरादित्या सिंधिया के समर्थक जमा हो गए हैं। भारी संख्या में मौजूद सिंधिया के समर्थक हाथों में बैनर-पोस्टर लिए हुए हैं।
भोपाल में कांग्रेस पार्टी कार्यालय के बाहर जहां भारी संख्या में समर्थक जमा हो गए हैं। इसके साथ ही कई पोस्टर व बैनर भी लगाए गए हैं। इनमें से एक पोस्टर ऐसा है जिसपर कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनने के लिए बधाई संदेश लिखा हुआ है।
राजस्थान के करौली में सचिन समर्थकों ने जाम की सड़क
राजस्थान के करौली में सचिन पायलट के समर्थकों ने सड़क पर जाम लगा दिया है। बता दें कि राजस्थान व मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए अभी मंथन चल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी पार्टी नेताओं के साथ इसपर मंत्रणा कर रहे हैं।
पायलट ने की शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
राजस्थान में सचिन पायलट के समर्थकों द्वारा हाईवे जाम करने की घटना पर पायलट ने अपने समर्थकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पायलट ने कहा कि मुझे पार्टी नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी व सोनिया गांधी द्वारा लिया गया हर निर्णय हमें स्वीकार होगा। पायलट ने कहा कि पार्टी का सम्मान बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है, हम पूरी तरह से पार्टी को समर्पित हैं।
पायलट ने कहा अफवाहें न फैलाएं, पार्टी का हर निर्णय हमें स्वीकार होगा
सचिन पायलट मे मीडिया से अनुरोध करते हुए कहा कि अफवाहों के आधार पर खबरें न बनाएं और केवल उन्हीं तथ्यों पर भरोसा करें जो तथ्यात्मक आधार पर सही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के हर फैसले का हम स्वागत करेंगे।
गहलोत बोले, जल्द सामने आएगा पार्टी का फैसला
अशोक गहलोत ने कहा है कि पार्टी नेतृत्व जल्द ही निर्णय लेगा, इसमें कोई चिंता की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि चूंकि तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों का निर्ण किया जा रहा है, इसलिए समय लगना स्वाभाविक है, इसमें समय लगता है। गहलोत ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष जल्द ही फैसला देंगे।
गहलोत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है, फिर भी जो निर्णय होगा हम उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सभी नेताओं से इसपर चर्चा कर रहे हैं।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने भी कार्यकर्ताओं से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी जो भी फैसला करेंगे, उसका वह स्वागत करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अशोक गहलोत और पायलट दोनों शामिल हैं। दोनों के समर्थकों ने अपने नेताओं के पक्ष में जमकर नारेबाजी की है।
भोपाल रवाना हुए कमलनाथ व सिंधिया, विधायकों के साथ बैठक के बाद घोषित होगा सीएम का नाम
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल कमलनाथ राहुल गांधी के आवास से बाहर निकले। उन्होंने कहा कि मं भोपाल जा रहा हूं। मुख्यमंत्री के नाम को लेकर उन्होंने कहा कि विधायकों के साथ बैठक की जाएगी उसके बाद मुख्यमंत्री का नाम घोषित किया जाएगा।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष के आवास से बाहर निकले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह कोई दौड़ नहीं है, न ही यह कुर्सी के बारे में है। उन्होंने कहा कि हम यहां मध्यप्रदेश की जनता की सेवा के लिए हैं। उन्होंने कहा कि वह भोपाल जा रहे हैं और आज ही निर्णय घोषित कर दिया जाएगा।
राहुल ने पोस्ट की सिंधिया व कमलनाथ के साथ तस्वीर
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर मुख्यमंत्रियों के नाम को लेकर हो रही बैठक समाप्त हो चुकी है। ज्योतिरादित्य सिंधिया व कमलनाथ भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं। इसी बीच राहुल गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया व कमलनाथ के साथ एक तस्वीर ट्विटर पर शेयर की है। ट्वीट में उन्होंने प्रसिद्ध रूसी लेखक लियो टॉलस्टॉय की एक पंक्ति लिखी है कि 'समय और सब्र सबसे शक्तिशाली योद्धा होते हैं।'
बता दें कि मुख्यमंत्री पद के नाम आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किए गए हैं, लेकिन सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि कांग्रेस नेतृत्व ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कमलनाथ के नाम पर मुहर लगा दी है।
मध्यप्रदेश में शपथ ग्रहण समारोह 17 को, राहुल गांधी भी करेंगे शिरकत
कांग्रेस हाईकमान आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगा देगा। इसके साथ ही राज्य में सरकार के शपथ ग्रहण की तारीख भी तय हो गई है। आने वाली 17 दिसंबर को यहां शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।
कमलनाथ को मिल सकती है एमपी की कमान, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में फंसा पेच
भले ही कांग्रेस आलाकमान ने आधिकारिक रूप से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर नहीं लगाई गई है, लेकिन सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि मध्यप्रदेश की कमान कमलनाथ के हाथ में ही जाएगी। हालांकि, आज रात 11 बजे इसका आधिकारिक एलान हो जाएगा कि एमपी की कुर्सी पर कौन विराजेगा।
वहीं, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम पर पेच अभी भी फंसा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान में सचिन पायलट सीएम की दावेदारी के लिए अड़ गए हैं। ऐसी खबरें भी चल रही हैं कि वह इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष से दोबारा मुलाकात भी कर सकते हैं।
राजस्थान को लेकर राहुल गांधी के आवास पर रात 10.30 बजे फिर होगी बैठक
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री का नाम अभी घोषित भले न किया गया हो, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने नाम तय कर लिया है, उसकी औपचारिक घोषणा भर शेष है। वहीं, राजस्थान व छत्तीसगढ़ को लेकर अभी भी संशय बरकरार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राजस्थान में सीएम पद पर दावेदारी जताने के लिए सचिन पायलट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से दोबारा मुलाकात कर सकते हैं।
फिलहाल राजस्थान में मुख्यमंत्री के नाम के लिए कांग्रेस दोबारा बैठक करने जा रही है। यह बैठक आज ही रात 10.30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर शुरू होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगा दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ के नेताओं को दिल्ली बुलाया गया, कल तय हो सकता है सीएम का नाम
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के नाम पर कांग्रेस ने अंदरखाने नाम तय कर लिया है। राजस्थान में सीएम के नाम को लेकर आज रात बैठक होनी है। मामला फंसा है केवल छत्तीसगढ़ का। छत्तीसगढ़ की लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रयवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे व पीएल पुनिया के मुलाकात के बाद अब टीएस सिंह देव, भूपेश बघेस व डॉ. चरणदास महंत को दिल्ली बुलाया है। ताम्रध्वज साहू पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सभी नेताओं के दिल्ली पहुंचने के बाद कल फिर बैठक होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा।
कमलनाथ बनेंगे मध्यप्रदेश के 'नाथ', आधिकारिक घोषणा बाकी
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए नाम तय हो गया है। सूत्रों के मुताबिक कमलनाथ का नाम मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए तय हो गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा होनी अभी बाकी है। बता दें कि कमलनाथ भोपाल एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं। बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी उनका स्वागत करने के लिए वहां पहुंचे हैं। आज रात कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस में कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी भोपाल पहुंच चुके हैं।
भोपाल में विधायक दल की बैठक शुरू, नहीं होगा कोई डिप्टी सीएम
भोपाल में कांग्रेस पार्टी कार्यालय पर विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। पार्टी कार्यालय पहुंचे कमलनाथ ने पहले अपने समर्थकों का अभिवादन किया फिर कार्यालय चले गए। वहीं, ज्योतिरादित्य सिंधिया भी पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं। खबरें आई हैं कि सिंधिया के पहुंचते ही वहां मौजूद समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
कमलनाथ का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए तय होने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि सिंधिया को डिप्टी सीएम का पद दिया जाएगा। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि वहां कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा।
कमलनाथ बने मध्यप्रदेश के 'नाथ', अशोक गहलोत को मिल सकती है राजस्थान की कमान
भोपाल में कांग्रेस पार्टी कार्यालय में चल रही विधायक दल की बैठक संपन्न हो गई है। इसी के साथ पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के लिए कमलनाथ के नाम पर अंतिम व आधिकारिक मुहर लगा दी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार राजस्थान की कमान अशोक गहलोत को दी जा सकती है। हालांकि, राजस्थान में कुर्सी के लिए सचिन पायलट भी पूरा जोर लगा रहे हैं।
कमलनाथ बोले, यह पद मेरे लिए मील का पत्थर, सिंधिया को दिया धन्यवाद
कमलनाथ को मध्यप्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। भोपाल के कांग्रेस पार्टी कार्यालय में विधायक दल की बैठक में कमलनाथ ने कहा कि यह पद मेरे लिए मील का पत्थर है। उन्होंने ज्योतिरादित्या सिंधिया को धन्यवाद भी कहा। कमलनाथ ने कहा कि यह निर्णय पार्टी नेतृत्व का है, मेरी इस बारे में कोई मांग नहीं थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कल वह सुबह 10.30 बजे राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे।
कमल सरकार में दिग्विजय के बेटे जयवर्द्धन सिंह को मिल सकता है मंत्री पद
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के चयन में अहम भूमिका निभाने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को कमल सरकार में मंत्री पद दिया जा सकता है। बता दें कि जयवर्द्धन सिंह मध्यप्रदेश की राघोगढ़ विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं।