राजस्थान के नागौर जिले में कथित रूप से चोरी करते हुए पकड़े गए दो दलितों की बेरहमी से पिटाई पर अब राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर जहां गहलोत सरकार से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। राहुल के ट्वीट पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि जब से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है।
गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘राजस्थान के नागौर में दो दलित नौजवानों को बर्बरता के साथ प्रताड़ित किए जाने का हालिया वीडियो भयावह और वीभत्स है। मैं राज्य सरकार से आग्रह करता हूं कि वह स्तब्ध करने वाले इस अपराध के दोषियों को न्याय की जद में लाने के लिए तत्काल कार्रवाई करे।’
राहुल गांधी के इस ट्वीट को भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने रिट्वीट करते हुए लिखा कि राज्य सरकार? मुख्यमंत्री गृह मंत्री भी हैं और उनका नाम अशोक गहलोत है। बस इस मामले में आप नहीं जानते हैं कि राज्य में दलितों के खिलाफ क्रूरता के लिए कौन जिम्मेदार है?
मालवीय ने आगे लिखा कि जब से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी है तब से दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है।
पुलिस ने दी ये जानकारी
नागौर पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पांचौड़ी थाने के थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि घटना रविवार को एक दुपहिया वाहन कंपनी के शोरूम में हुई। शोरूम के कर्मचारियों ने कथित तौर पर चोरी करते पकड़े गए दो लोगों से बेरहमी से मारपीट की। इसका वीडियो भी बना लिया गया। यह सामने आने के बाद पीड़ितों ने बुधवार को मामला दर्ज करवाया।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों के अलावा एजेंसी की ओर से दोनों के खिलाफ पैसे चुराने के आरोप में मामला दर्ज करवाया गया है। उन्होंने कहा कि मारपीट के संबंध में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।