राज्यसभा में पीएम मोदी के संबोधन के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर उन पर तंज कसा है। राहुल गांधी ने पूर्व थल सेनाध्यक्ष की किताब के अंश के सहारे निशाना साधा। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि बस सवालों से इतनी घबराहट? उन्होंने कहा कि मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे कि झूठ की शरण ले ली....खैर, जो उचित समझा, वही किया।
चीन विवाद और पूर्व सेना प्रमुख की किताब का जिक्र
इससे पहले राहुल गांधी ने पूर्व थलसेना प्रमुख एम.एम. नरवणे की कथित अप्रकाशित आत्मकथा का हवाला देते हुए दावा किया था कि 2020 के भारत-चीन संघर्ष के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जिम्मेदारी से खुद को अलग कर लिया था। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें लोकसभा में इस आत्मकथा से उद्धरण देने की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन असल बात वही है जो प्रधानमंत्री ने कही “जो उचित समझो, वो करो।”
पीएम मोदी का कांग्रेस पर पलटवार
राहुल गांधी की प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रपति, संविधान, आदिवासियों, दलितों और पूर्वोत्तर के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया था। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा नहीं हो पाई। यह राष्ट्रपति पद का अपमान है। ऐसे लोगों को संविधान पर बोलने का अधिकार नहीं है।
लोकसभा हंगामे को लेकर कड़ा संदेश
प्रधानमंत्री ने लोकसभा में हुए हंगामे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय असम से सांसद दिलीप सैकिया और बाद में आंध्र प्रदेश के दलित परिवार से आने वाले सांसद कृष्णा प्रसाद तेनेटी आसन पर बैठे थे, लेकिन उनके ऊपर कागज फेंके गए। पीएम मोदी ने सवाल किया 'क्या यह पूर्वोत्तर और दलित समाज का अपमान नहीं है?'