फ्रांस की डेसाल्ट एवियेशन से हुए 36 राफेल फाइटर जेट युद्धक सौदे पर कांग्रेस पार्टी ने केन्द्र सरकार पर अपना घेरा बढ़ा दिया है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की इस मामले में सफाई आने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सीधे निर्मला पर पलटवार किया है।
पढ़ें: गुजरात चुनाव: भाजपा की नाक से नाक लड़ाने के लिए तैयार है कांग्रेस
राहुल ने अपने ताजा बयान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर शिकंजा कसा है। राहुल ने ट्वीट करके निर्मला सीतारमण से कहा है कि प्रिय रक्षा मंत्री क्या शर्मिंदगी है कि आपके बॉस ने आपको चुप करा दिया है। कृपया हमें बताओ।
इसी के साथ राहुल गांधी ने रक्षा मंत्री से तीन सवाल पूछे हैं। पहले सवाल में उन्होंने रक्षा मंत्री एक राफेल लड़ाकू विमान की आने वाली अंतिम कीमत पूछी है। दूसरा सवाल उनका सीधे प्रधानमंत्री पर है।
इसमें कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पूछा है कि क्या प्रधानमंत्री ने पेरिस में 36 राफेल युद्धक विमानों के सौदे की घोषणा करने से पहले सुरक्षा मामलों की केन्द्रीय समिति(सीसीएस) से अनुमति ली थी। राहुल के तीसरे सवाल में फिर पीएम निशाने पर हैं।
पढ़ें: राहुल की 'कड़ी मेहनत', मनमोहन बोले- गुजरात और हिमाचल चुनाव जीतेगी कांग्रेस
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने जानना चाहा है कि आखिर क्या वजह रही जो प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिन्दुस्तान एरोनाटिक्स लिमिटेड को नजरअंदाज करके एक निजी कंपनी को इस सौदे में भागीदार बनाया। जबकि इस कंपनी के पास रक्षा क्षेत्र में कोई भी अनुभव नहीं है।