देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या देखते-देखते 33 लाख को पार कर गई है। विपक्ष लगातार इस मामले पर केंद्र को घेरने पर लगा हुआ है। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कोरोना वायरस वैक्सीन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस वायरस के चलते देश में 30 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, उसके लिए सरकार के पास अभी तक कोई वैक्सीन नहीं है।
वायनाड सांसद राहुल ने ट्वीट कर कहा, एक निष्पक्ष और समावेशी कोविड वैक्सीन पहुंच की रणनीति अब तक होनी चाहिए थी, लेकिन अभी भी इसके कोई संकेत नहीं हैं। भारत सरकार की लापरवाही चिंताजनक है।
इससे पहले, 14 अगस्त को राहुल ने कहा था कि भारत कोविड-19 वैक्सीन उत्पादक देशों में से एक होगा। सरकार को कोरोना वायरस के टीके के इस्तेमाल, इसके वितरण की व्यवस्था पर अभी से काम करना चाहिए।
गौरतलब है कि भारत में कोविड-19 के मामले 33 लाख के आंकड़े को पार कर चुके हैं। गुरुवार को कोरोना संक्रमण के मामलों में अब तक की सबसे बड़ी उछाल सामने आई है। गुरुवार को 75,760 नए मामले सामने आए। लेकिन अच्छी बात यह है कि संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 25 लाख से ज्यादा हो गई है और जांच में तेजी आई है।
गुरुवार सुबह अद्यतन किए गए आंकड़े के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 1,023 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 60,472 हो गई है। देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 33,10,235 हो गए हैं, जिनमें से 7,25,991 लोगों का उपचार चल रहा है और 25,23,772 लोग उपचार के बाद इस बीमारी से उबर चुके हैं। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
आंकड़ों के अनुसार मरीजों के स्वस्थ होने की दर 76.24 फीसदी हो गई है जबकि मृत्यु दर में गिरावट आई है और यह 1.83 फीसदी है। वहीं, 21.93 फीसदी मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।