केेंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कर्जमाफी वाले वायरल वीडियो को शेयर करते हुए चुटकी ली है। ये वीडियो राहुल की दो राज्यों में हुई कर्जमाफी के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। ईरानी ने राहुल का ये वीडियो शेयर करते हुए कहा है, 'आजकल सपना दिखाने के लिए भी ट्यूशन लेनी पड़ती है?'
बता दें तीन राज्यों में मिली जीत के बाद राहुल ने किसानों से किए कर्जमाफी के वादे पर मंगलवार को संसद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने कई मुद्दों पर बोलते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब तक देश के किसानों का कर्ज माफ नहीं होगा तब तक वे मोदी को सोने नहीं देंगे।
इस कॉन्फ्रेंस की वीडियो का शुरुआती हिस्सा काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में राहुल गांधी के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, अहमद पटेल और गुलाम नबी आजाद भी हैं। इसमें राहुल नेताओं से कुछ बोल रहे हैं।
वीडियो में अहमद पटेल और ज्योतिरादित्य सिंधिया राहुल से कुछ कह रहे हैं। वीडियो में सिंधिया राहुल से कहते हैं, "जो मोदी नहीं कर पाए हैं, वह मैं करके दिखा चुका हूं।" जिसके बाद राहुल गांधी सहमति करते हुए इशारा कर रहे हैं।