पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भारत-चीन विवाद को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चीन के इस रुख को स्वीकार कर हमारी स्थिति को नुकसान पहुंचाया है।
वहीं, बैठक में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि चीन के साथ सीमा पर संकट, कोरोना वायरस महामारी और अर्थव्यवस्था से जुड़े संकट का मुख्य कारण नरेंद्र मोदी सरकार का कुप्रबंधन और उसके द्वारा अपनाई गई नीतियां हैं। सोनिया ने यह दावा भी किया कि कोरोना संकट और इसके बाद की स्थिति से निपटने में सरकार पूरी तरह विफल रही है और इन सबके बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि कर लोगों की पीड़ा बढ़ा रही है।
राहुल गांधी ने लद्दाख में गतिरोध को लेकर सवाल किया कि क्या चीन ने भारतीय जमीन पर कब्जा किया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री एवं अपने पिता राजीव गांधी द्वारा लद्दाख के पैंगोंग त्सो झील की ली गई एक तस्वीर ट्विटर पर साझा करते हुए यह भी कहा कि चीनी आक्रमण के खिलाफ हम एकजुट खड़े हैं। राहुल गांधी ने सवाल किया, 'क्या भारतीय जमीन पर चीन ने कब्जा किया है?'
इससे पहले, सोमवार को राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर सवाल उठाया था। राहुल ने कहा कि आखिर इस टकराव के समय चीन हमारे प्रधानमंत्री की तारीफ क्यों कर रहा है? उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया था, 'चीन ने हमारे सैनिकों की हत्या कर दी। चीन ने हमारी जमीन ले ली। फिर चीन इस टकराव के दौरान मोदी की तारीफ क्यों कर रहा है?'
वहीं, भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह यह प्रदर्शित कर कि लद्दाख में जारी सैन्य गतिरोध में भारत ने चीन के हाथों अपनी जमीन गंवा दी है, इस संकट के समय में परपीड़ा सुख ले रही है। साथ ही दावा किया कि वर्तमान गतिरोध के दौरान पड़ोसी देश ने भारतीय क्षेत्र की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं किया है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे भारतीय सेना के मनोबल को कम करने के लिए साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक और मोदी सरकार की आलोचना उसी दिन करने को लेकर आपत्ति जतायी, जिस दिन सेना प्रमुख लद्दाख का दौरा कर रहे थे।
पात्रा ने आरोप लगाया कि हर दिन कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि भारत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है, भारत हार रहा है, भारतीय सेना ने आत्मसमर्पण कर दिया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कमजोर हैं और उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है। ऐसा कर कांग्रेस अद्भुत तरह के सुख का अनुभव कर रही है।