कांग्रेस के नए-नए अध्यक्ष बने राहुल गांधी आज राजपथ पर चौथी पंक्ति में बैठकर गणतंत्र दिवस के समारोह का आनंद लेते हुए नजर आए। उनके बगल में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद बैठे दिखाई दिए। वहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी उनसे दो पंक्ति आगे बैठी हुई नजर आईं। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को पहली पंक्ति में सीट मिली।
राहुल गांधी और स्मृति ईरानी की तुलना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों सियासत की रेस में एक दूसरे के सामने खड़े दिखाई देते रहे हैं। राहुल गांधी जहां इस समय अमेठी से सांसद हैं वहीं स्मृति यहां से चुनाव हार गई थीं। हालांकि वो कई बार अमेठी का दौरा कर चुकी हैं और अगले लोकसभा चुनाव में उनका लक्ष्य राहुल के गढ़ में सेंध लगाने का है।
हालांकि राहुल ने गणतंत्र दिवस समारोह में बैठने की व्यवस्था को मुद्दा बनाने के बजाय समारोह में शामिल होने को महत्वपूर्ण माना है। राहुल के करीबियों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष के लिए बैठने का स्थान महत्वपूर्ण नहीं है। उनके लिए परेड में उपस्थिति महत्वपूर्ण है। यह भी बता दें कि सोनिया गांधी जब तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं उन्हें हमेशा पहली पंक्ति की सीट बैठने के लिए दी जाती थी।