कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'पीएम दलितों के मुद्दे नहीं उठा रहे वह केवल हमारी बात कर रहे हैं। जब देश में दलित पीटे जा रहे थे और रोहित वेमूला की मौत हुई थी तब पीएम ने एक शब्द नहीं कहा।'
राहुल आज अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने कहा ' बीजेपी वाले मुझे चुनावी हिंदू कहते हैं, उन्हें मेरे मंदिर जाने से भी दिक्कत होती है। बीजेपी हिंदू होने का मतलब नहीं जानती है।'
उन्होंने कहा, 'एक राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करने के नाते मेरी जिम्मेदारी है कि मैं विभिन्न मतों को माननेवाले स्थानों पर जाऊं। मुझे जहां से भी बुलाया जाता है मैं जाता हूं। उनके लिए हिंदुत्व चुनावी राजनीति की रणनीति भर है। हमारे देश में अलग- अलग धर्म माननेवाले लोग हैं और हमारा काम है सबको साथ लेकर चलना।'
कांफ्रेस में राहुल ने मोदी सरकार को कई मामलों पर घेरते नजर आए। उन्होंने कहा, 'राफेल डील पीएम के दोस्तों के लिए बहुत अच्छी रही। उन्होंने दोस्तों की डील करवाई और फायदा पहुंचाया। कर्नाटक के रेड्डी भाइयों ने मिलकर लोगों का पैसा लूटा और पीएम मुख्य मुद्दा भटकाने में जुटे हुए हैं।'
पीएम मोदी के चीनी दौरे पर भी राहुल ने खूब चुटकी लेते नजर आए, उन्होंने कहा कि, 'देश को बहुत उम्मीद थी कि पीएम दोकलम पर कुछ बोलेंगे लेकिन पीएम ने दोकलम पर एक शब्द भी नहीं कहा। चीन के राष्ट्रपति से पीएम ने बिना किसी एजेंडे के ही बात और मुलाकात की।'
यही नहीं सोनिया गांधी को पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी ने 'इटैलियन मां' कहा था इसपर भी राहुल ने पीएम को घेरा और कहा 'मेरी मां उतनी ही भारतीय है जितनी देश में पैदा हुई कोई दूसरी महिला, उन्होंने यह भी कहा, मेरी मां ने देश के लिए कुर्बानी दी है, उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत कुछ सहा है।' 'क्या किसी महिला पर इस तरह के निजी हमले करना सही है?'
आपको बता दें कि बुधवार को बीजेपी ने सोनिया गांधी को उनके इटली वाले नाम 'माइनो' कहा था। राहुल ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का समर्थक बताते हुए कहा, 'बीजेपी के सीएम उम्मीदवार येदियुरप्पा भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा चुके हैं लेकिन पीएम कांग्रेस पार्टी को भ्रष्टाचार का समर्थक कहते हैं लेकिन खुद का प्रत्याशी भ्रष्टाचारी है।'
राहुल ने दलितों-महिलाओं पर अत्याचार को लेकर मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए।