कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
भारत और चीन के बीच सीमा पर चल रहे गतिरोध के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार सरकार को घेरने में लगे हुए हैं। हर रोज अपने ट्वीट के माध्यम से राहुल मोदी सरकार पर हमला बोल रहे हैं। वहीं, मंगलवार को एक बार फिर उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि क्या भारतीय जमीन पर चीन ने कब्जा किया है?
कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर केंद्र सरकार से सवाल पूछा, 'चीनी आक्रमण के खिलाफ हम एकजुट खड़े हैं। क्या भारतीय जमीन पर चीन ने कब्जा किया है?'
इससे पहले, सोमवार को राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान को लेकर सवाल उठाया था। राहुल ने कहा कि आखिर इस टकराव के समय चीन हमारे प्रधानमंत्री की तारीफ क्यों कर रहा है?
यह भी पढ़ें: लद्दाख में एलएसी पर बढ़ी सुरक्षा, चीनी सैनिकों पर इस्राइली हेरॉन ड्रोन से रखी जा रही नजर
उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया था, 'चीन ने हमारे सैनिकों की हत्या कर दी। चीन ने हमारी जमीन ले ली। फिर चीन इस टकराव के दौरान मोदी की तारीफ क्यों कर रहा है?' कांग्रेस नेता ने जिस खबर का हवाला दिया उसके मुताबिक लद्दाख में गलवां घाटी में पिछले दिनों दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हुई सर्वदलीय बैठक में दिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की तारीफ चीन की मीडिया ने की है।
मालूम हो कि, प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि न कोई हमारे क्षेत्र में घुसा और न ही किसी ने हमारी चौकी पर कब्जा किया है।
पीएम के इस बयान को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को कहा था कि सर्वदलीय बैठक में मोदी की टिप्पणियों की कुछ हलकों में शरारतपूर्ण व्याख्या की कोशिश की जा रही है। पीएम के इस बयान के बाद विपक्ष लगातार मोदी सरकार पर हमले कर रहा है और पूछ रहा है कि जब कोई भारत की सीमा में घुसा ही नहीं तो हमारे 20 सैनिक कैसे शहीद हुए।