कांग्रेस अध्यक्ष
राहुल गांधी ने पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्य समिति (
सीडब्ल्यूसी) को भंग कर दिया है। पार्टी के आगामी महाधिवेशन के लिए इसकी जगह 34 सदस्यों की संचालन समिति गठित की गई है। महाधिवेशन के बाद नई सीडब्ल्यूसी का गठन किया जाएगा। सीडब्ल्यूसी के सभी सदस्य नव गठित संचालन समिति का हिस्सा बनाए गए हैं, हालांकि कुछ स्थायी आमंत्रित सदस्यों मसलन, अमरिंदर सिंह, विलास मुत्तेमवार, आरके धवन, शिवाजीराव देशमुख, एमवी राजशेखरन और मोहसिना किदवई को इससे बाहर रखा गया है। सीडब्ल्यूसी के सभी विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी संचालन समिति में जगह नहीं दी गई है।
संचालन समिति की शनिवार को बैठक होगी और इसमें महाधिवेशन के कार्यक्रम पर फैसला लिया जाएगा। इसके पांच मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत से पहले होने की संभावना है। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के महाधिवेशन में 11 दिसंबर को राहुल गांधी की पार्टी अध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी का अनुमोदन होना है। इसके साथ ही पार्टी में संगठनात्मक चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी। पार्टी के संविधान के मुताबिक, 25 सदस्यीय सीडब्ल्यूसी में 12 सदस्य चुनकर आते हैं। पार्टी अध्यक्ष और कांग्रेस संसदीय दल के चेयरपर्सन के अतिरिक्त 11 सदस्यों को नामित किया जाता है। सीडब्ल्यूसी के नए सदस्यों का चुनाव महाधिवेशन के दौरान अथवा इसके बाद हो सकता है।
कांग्रेस
एआईसीसी के महासचिव जर्नादन द्विवेदी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के संविधान के अनुच्छेद 15 (7) बी के तहत आगामी महाधिवेशन के लिए संचालन समिति गठित की है। यह सीडब्ल्यूसी की जगह काम करेगी। इसकी बैठक 17 फरवरी को शाम चार बजे पार्टी मुख्यालय में होगी।
सोनिया-मनमोहन भी संचालन समिति में
कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के अलावा, एके एंटनी, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, अंबिका सोनी, जर्नादन द्विवेदी, अशोक गहलोत, सुशील कुमार शिंदे, पी चिदंबरम, ऑस्कर फर्नाडीज, आनंद शर्मा, सीपी जोशी, दिग्विजय सिंह, बीके हरिप्रसाद, कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खड़गे, मोतीलाल वोरा, एचपी सैकिया और रणदीप सुरजेवाला शामिल हैं। विभिन्न राज्यों का प्रभार संभाल रहे नेता, मसलन, पीएल पूनिया, आरपीएन सिंह, दीपक बाबरिया, आरसी खुंटिया, केसी वेणुगोपाल और अविनाश पांडे को भी संचालन समिति में जगह दी गई है।