कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सुरेंद्रनगर जिले में स्थित प्रसिद्ध चोटिला मंदिर में बुधवार को पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात में अपने तीसरे और अंतिम दिन के अभियान की शुरुआत की। राहुल 15 मिनट में करीब एक हजार सीढ़ियां चढ़कर पहाड़ी पर स्थित मंदिर में देवी मां चामुंडा के दर्शन के लिए पहुंचे।
राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। दो दिन पहले राहुल ने सौराष्ट्र स्थित प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में दर्शन कर राज्य में अभियान की शुरुआत की थी। राहुल पटेल समुदाय ईष्ट के दर्शन के लिए कागवाड़ जिले में खोडल धाम मंदिर भी गए। राज्य के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अभियान के दौरान राहुल के विभिन्न मंदिरों के दर्शन के लिए जाने का उद्देश्य भाजपा के ‘कट्टर हिंदूवादी रुख’ के मुकाबले में आना है।
ये भी पढ़ेंः भारत में ईमानदार नेता के लिए काम करना मुश्किल, मैं इसका गवाह हूंः राहुल गांधी
राहुल ने सुबह राजकोट से दौरा शुरू किया। गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोषी ने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ जानबूझकर पार्टी को हिंदू-विरोधी की तरह पेश कर रहे हैं।