फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीडब्ल्यूसी बैठक: राहुल ने बताया- चुनावों में कैसे हो रही मैच फिक्सिंग; कांग्रेस करेगी सड़क से संसद तक विरोध

Tue, 29 Sep 2026 08:02 PM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, नई दिल्ली

सार

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कई आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि EVM और मतदाता सूचियों में कथित छेड़छाड़ के जरिए चुनावों में "मैच फिक्सिंग" हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सड़कों से संसद तक विरोध और प्रतिरोध जारी रखना चाहिए। खरगे समेत अन्य नेताओं ने भी बयान दिए हैं। भाजपा नेता स्मृति ईऱानी ने पलटवार किया है।
विज्ञापन
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार से तुरंत इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने यह भी कहा कि वोट चोरी की साजिश के नैतिक आधार पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री भी इस्तीफा दें। इसके साथ ही पार्टी ने मतदाता सूची में बदलाव के लिए चलाई जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने और मतदाता सूची से हटाए गए 13.30 करोड़ नामों को बहाल करने के लिए प्रस्ताव पास किया।

विज्ञापन


दिल्ली में मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में हुई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मलि्लकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग अब वन-मैन शो बनकर रह गया है। अन्य आयुक्तों से सलाह किए बिना मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से फैसले लेना चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पार्टी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के बीच सांठगांठ है और चुनावों में मैच-फिक्सिंग की जा रही है। पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर संसद और अदालत तक तीनों मोर्चों पर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा साजिश के तहत वोटरों के नाम काटे गए हैं। उनको अपने हक के लिए लड़ना पड़ रहा। 

राहुल गांधी ने किन मुद्दों पर बात की?
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि देश में ईवीएम और मतदाता सूची के जरिए चुनावों में मैच फिक्सिंग की जा रही है। दिल्ली के इंदिरा भवन में हुई करीब ढाई घंटे की सीडब्ल्यूसी बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस को सड़कों से लेकर संसद तक विरोध और प्रतिरोध के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े कई खुलासे अब सामने आ रहे हैं और ऐसा कांग्रेस की वजह से संभव हुआ है।
विज्ञापन


वोट चोरी के मुद्दे की अब मीडिया में हो रही चर्चा
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस लगातार "वोट चोरी" के मुद्दे को मजबूती से उठाती रही है। उन्होंने हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में चुनावों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। राहुल गांधी के मुताबिक, शुरुआत में कई लोग कांग्रेस के दावों को लेकर आशंकित थे। राहुल गांधी ने कहा कि अब यह मुद्दा मीडिया और संपादकीय लेखों में भी चर्चा का विषय बन रहा है। उनके मुताबिक, पिछले दो वर्षों में माहौल बदला है और इसके पीछे कांग्रेस की ओर से तथ्यों पर आधारित प्रस्तुतियां प्रमुख कारण हैं।

राहुल गांधी ने बताया चुनावों में कैसे हो रही मैच फिक्सिंग?
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि चुनावों में दो तरह की "मैच फिक्सिंग" हो रही है। एक ईवीएम से जुड़ी है और दूसरी मतदाता सूचियों में जानबूझकर किए जा रहे बदलाव से। उन्होंने कहा, "इसलिए मैच फिक्सिंग के दो रूप हैं: ईवीएम मैच फिक्सिंग और वोटर लिस्ट मैच फिक्सिंग, दोनों हो रहे हैं।"

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि 2024 का चुनाव "पूरी तरह फिक्स और धांधली वाला" था। उन्होंने दिसंबर 2023 में पारित उस कानून का भी जिक्र किया, जिसके तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्तों को सुरक्षा प्रदान की गई है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने इस कानून को अवैध बताया।

सड़कों से संसद तक विरोध की बात
सीडब्ल्यूसी बैठक में राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कहा कि कांग्रेस को "विरोध" और "प्रतिरोध" के रास्ते से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने सड़कों से लेकर संसद तक इस रुख को जारी रखने की बात कही। राहुल गांधी ने 1930 के लाहौर कांग्रेस अधिवेशन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय जब ब्रिटिश सरकार ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को प्रांतीय स्वायत्तता तक देने से इनकार कर दिया था, तब कांग्रेस ने "पूर्ण स्वराज" के रास्ते पर आगे बढ़ने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार जब देश की जनता की आवाज और उनकी मांगों को सुनने से इनकार करती है, तो लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले दलों के सामने विरोध का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।

कांग्रेस ने रखीं कौन-कौन सी मांगें?
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल हटाने, एसआईआर को निलंबित करने, मतदाता सूचियों से हटाए गए 13 करोड़ से अधिक नामों को बहाल करने और चुनावों में कथित "मैच फिक्सिंग" को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की है।

आप मुझ पर भरोसा नहीं करते : राहुल
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा कि वह पिछले दो साल से वोट चोरी की बात कर रहे हैं, लेकिन पहले हमारे लोग ही सहमत नहीं दिखे, लेकिन आज दो साल बाद अधिकतर लोग सहमत हैं। राहुल ने इस बैठक में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे समेत तीन प्रस्ताव रखे जिसपर सभी ने मुहर लगाई।

कांग्रेस नेताओं ने यह रखा प्रस्ताव

  • मतदाता सूची में हुए हर बड़े बदलाव का पूरा डाटा सार्वजनिक किया जाए
  • जिनके मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें सूचना और अपील का मौका मिले
  • राजनीतिक दलों को मतदाता सूची और संबंधित डाटा सरल प्रारूप में और समय पर मिले
  • मतदाता सूची में जहां गंभीर गड़बड़ी के प्रमाण मिले हैं, वहां स्वतंत्र और समयबद्ध जांच हो

चिदंबरम ये बोले-एसआईआर का चुनाव परिणाम पर असर नहीं 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि एसआईआरर का चुनाव नतीजों पर कोई खास असर नहीं पड़ा। चिदंबरम ने हाल में हुए तमिलनाडु विस चुनाव परिणामों को लेकर यह टिप्पणी की। उन्होंने हालांकि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को गलत बताया। कहा, विपक्ष को गड़बड़ी के आरोपों को साबित करना होगा। 

चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस का बेहद शर्मनाक रवैया : ईरानी
भाजपा की वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधने को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार पर आत्ममंथन करने के बजाय कांग्रेस देश की लोकतांत्रिक व संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर उन्हें कमजोर करने की कोशिश कर रही है। भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी आखिर क्यों मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों और फर्जी नामों को बनाए रखने की जिद कर रही है। उन्होंने कहा कि आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि अधिकारी घर-घर जाकर दस्तावेज की पुष्टि करेंगे। इसके बावजूद कांग्रेस इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रही है। 

एसआईआर विवाद पर चुनाव आयोग ने क्या कहा?
सीडब्ल्यूसी की बैठक ऐसे समय हुई है जब द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार रिकॉर्ड पर आपत्ति जताई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने कहा था कि कुछ फैसले उनकी जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए।

चुनाव आयोग ने इन दावों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने कहा है कि किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होती हैं। आयोग के अनुसार, उसके सभी आदेशों को पूर्ण कानूनी मान्यता प्राप्त है और वे स्थापित वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत जारी किए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें