पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया घटनाक्रम के बीच शुक्रवार को महाराष्ट्र पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद देश में एकजुटता की बात करने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस की आलोचना करते रहे। राहुल ने कहा कि मोदी अपना प्रचार करना पांच मिनट के लिए भी नहीं छोड़ सकते। कांग्रेस और भाजपा में यही फर्क है। कांग्रेस प्रमुख ने उद्योगपति अनिल अंबानी का भी मजाक उड़ाते हुए कहा कि वो कागज का विमान भी नहीं बना सकते।
राहुल गांधी ने उत्तर महाराष्ट्र के धुले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद पीएम मोदी ने पूरे देशवासियों को एकजुट होने की बात कही थी। लेकिन, इसके तुरंत बाद उन्होंने खुद कांग्रेस पार्टी सहित विपक्ष पर टिप्पणी की थी।
राहुल ने कहा कि मैं 2004 से राजनीति में हूं। एक भी वादा ऐसा बता दो जो हमने कहा और पूरा नहीं किया। दूसरी तरफ, राहुल गांधी ने चुनौती दी कि प्रधानमंत्री ने जो कहा हो और उसे किया हो, उनकी एक भी सच्ची बात बता दो।
राहुल ने कहा कि दो करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन, पूरा नहीं हुआ। 25 साल में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। उधर, मोदी की बातों में स्टार्ट अप इंडिया, मेक इन इंडिया आदि हैं, लेकिन, रोजगार नहीं है।
राहुल ने राफेल लड़ाकू विमान की खरीद प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उद्योगपति अनिल अंबानी ने कभी कागज का भी विमान नहीं बनाया लेकिन, मोदी सरकार ने उनकी कंपनी को राफेल बनाने का ठेका दे दिया। राहुल ने कहा कि इस ठेके में 30 हजार करोड़ रुपये अनिल अंबानी की जेब में गए।