भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले से ध्यान भटकाने का प्रयास करार दिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता नलिन कोहली ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चुनाव आयोग पर की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। नलिन कोहली ने राहुल गांदी पर "नेशनल हेराल्ड" मामले से ध्यान हटाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
भाजपा प्रवक्ता नलिन कोहली ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में गांधी परिवार पर इस मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप भी लगाया। कोहली ने कहा, गांधी परिवार ने नेशनल हेराल्ड मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है, जबकि दूसरी ओर (पी) चिदंबरम जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता बचाव में दलीलें पेश करने में जुटे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, निर्वाचन आयोग, भारत में लोकतंत्र और चुनावों के आयोजन को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी यह साबित करती है कि कांग्रेस देश की संस्थाओं पर हमला करके नेशनल हेराल्ड मामले से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। कोहली ने कहा कि चुनाव आयोग का रिकॉर्ड बेदाग है और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित कई लोग चुनाव जीते हैं।
विज्ञापन
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी अपने राजनीतिक एवं व्यक्तिगत हितों के लिए भारत की संस्थाओं पर भी निशाना साधने को तैयार हैं। राहुल ने पिछले रविवार को अमेरिका में एक कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग पर “समझौता कर लेने” का आरोप लगाया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत के आंकड़ों का हवाला देते हुए निर्वाचन आयोग पर हमला किया था, जिसे लेकर सत्तारूढ़ भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए उन्हें “देशद्रोही” बताया था।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के सामने मौजूद महत्वपूर्ण मुद्दों और अपनी विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए नेशनल हेराल्ड मामले में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है। कांग्रेस नेता ने कहा, हाल के कांग्रेस के ऐतिहासिक गुजरात अधिवेशन से बौखलाए मोदी-शाह की जोड़ी ने फिर से पार्टी पर प्रवर्तन निदेशालय को छोड़ दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दाखिल तथाकथित आरोपपत्र कुछ और नहीं बल्कि विशुद्ध राजनीतिक षड़यंत्र है।