भारत-चीन के बीच लद्दाख में जारी गतिरोध के बीच कांग्रेस और भाजपा में बयानों से सियासी घमासान मचा हुआ है। सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लद्दाख में गतिरोध से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर सवाल उठाया। राहुल ने कहा कि आखिर इस टकराव के समय चीन हमारे प्रधानमंत्री की तारीफ क्यों कर रहा है?
उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘चीन ने हमारे सैनिकों की हत्या कर दी। चीन ने हमारी जमीन ले ली। फिर चीन इस टकराव के दौरान मोदी तारीफ क्यों कर रहा है? कांग्रेस नेता ने जिस खबर हवाला दिया उसके मुताबिक लद्दाख में गालवां घाटी में पिछले दिनों दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद हुई सर्वदलीय बैठक में दिए प्रधानमंत्री मोदी के बयान की तारीफ चीन की मीडिया ने की है।
मालूम हो कि, प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि न कोई हमारे क्षेत्र में घुसा और न ही किसी ने हमारी चौकी पर कब्जा किया है। पीएम के इस बयान को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को कहा था कि सर्वदलीय बैठक में मोदी की टिप्पणियों की कुछ हलकों में शरारतपूर्ण व्याख्या की कोशिश की जा रही है। पीएम के इस बयान के बाद विपक्ष लगातार मोदी सरकार पर हमले कर रहा है और पूछ रहा है कि जब कोई भारत की सीमा में घुसा ही नहीं तो हमारे 20 सैनिक कैसे शहीद हुए।