नोटबंदी मामले को लेकर जहां संसद की कार्यवाही में लगातार हंगामा जारी है। वहीं सदन के बाहर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी नेताओं के बीच शीतयुद्ध चल रहा है। रविवार को जम्मू के कठुआ पहुंचे गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अभी तो पाक के बस 2 टुकड़े हुए हैं अगर पाक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो शायद उसके 10 टुकड़े हो जाएं।
राजनाथ के इस बयान के तुरंत बाद कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर गृहमंत्री को निशाने पर लिया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने ट्वीट कर पीएम मोदी और राजनाथ सिंह पर निशाना साधा। राहुल ने ट्वीट में लिखा, "हां, राजनाथ सिंह जी, पाकिस्तान धार्मिक आधार पर भारत को विभाजित करने की कोशिश कर रहा है। यही काम आप और आपके बॉस भी तो कर रहे हैं ?"
Yes Rajnath Singhji Pakistan is trying to divide India along religious lines;has it struck you that you &your boss have been doing the same?
— Office of RG (@OfficeOfRG) December 11, 2016
दरअसल नोटबंदी के मुद्दे पर राहुल गांधी के भूकंप वाले बयान पर बीजेपी के नेता चुटकी ले रहे हैं। शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे राजनाथ ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि एक नेता कह रहे थे कि बोल दूंगा तो भूकंप आ जाएगा पर यहां तो हवा भी नहीं आई।
राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान को इस हकीकत को समझना चाहिए कि आतंकवाद बहादुर लोगों का हथियार नहीं हुआ करता,ये कायरों का हथियार होता है। गृहमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने भले ही चार चार बार हिंदुस्तान पर हमला किया हो पर यहां के जवानों ने उसके दांत खट्टे कर दिए हैं।
राजनाथ रविवार सुबह जम्मू के पास कठुआ में शहीदी दिवस समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान राजनाथ ने कठुआ के शहीदी चौक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जिसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित किया।