पीएम ने यात्रा के लिए फ्रांस का जताया आभार
पीएम मोदी ने परेड की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, फ्रांस की यह यात्रा यादगार रही। इसे और भी खास बना दिया गया क्योंकि मुझे बैस्टिल डे समारोह मं हिस्सा लेने का मौका मिला। भारती दल को परेड में गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त करते देखना अद्भुत था। मैं असाधारण गर्मजोशी और आतिथ्य के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और फ्रांस के लोगों का आभारी हूं। भारत-फ्रांस की दोस्ती बढ़ती रहे।
यूरोपीय संसद ने मणिपुर पर पारित किया प्रस्ताव
पीएम मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा आईएनएस विक्रांत वाहक के लिए 26 राफेल-मरीन लड़ाकू विमानों को प्राप्त करने के सौदे की घोषणा की गई थी।पीएम मोदी की यात्रा से ठीक पहले यूरोपीय संसद ने एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें भारत सरकार से मणिपुर में हिंसा को रोकने के प्रयासों को तेज करने के लिए कहा गया। भारत ने कहा कि यूरोपीय संघ द्वारा मणिपुर पर एक प्रस्ताव उसकी 'औपनिवेशिक मानसिकता' को दर्शाता है।
भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप अस्वीकार्य: विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, 'भारत के आंतरिक मामलों में इस तरह का हस्तक्षेप अस्वीकार्य है और यह औपनिवेशिक मानसिकता को दर्शाता है।' उन्होंने कहा, 'न्यायपालिका सहित सभी स्तरों पर भारतीय अधिकारी मणिपुर की स्थिति से अवगत हैं और शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठा रहे हैं। यूरोपीय संसद को सलाह दी जाती है कि वह अपने आंतरिक मुद्दों पर अपने समय का अधिक उत्पादक उपयोग करे।' विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि भारत ने मणिपुर पर प्रस्ताव से पहले यूरोपीय संघ के सांसदों से संपर्क किया था।
भाजपा ने किया राहुल पर पलटवार
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी के ट्वीट पर तंज कसते हुए कहा कि यह महज संयोग नहीं हो सकता कि यूरोपीय संघ की संसद ने राहुल गांधी की लंदन यात्रा के तुरंत बाद मणिपुर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी लंदन जाते हैं और भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग करते हैं। फिर वह मणिपुर में दुर्भाग्यपूर्ण संघर्ष का राजनीतिकरण करते हैं, जो पूरी तरह से कांग्रेस की विरासत है, मणिपुर का दौरा करते हैं और फिर हम देखते हैं कि एक विदेशी शक्ति एक ऐसे मुद्दे पर निर्णय लेना चाहती है, जो भारत का आंतरिक मामला है। दिलचस्प बात यह है कि यूरोपीय संघ की संसद ने फ्रांस में हाल के दंगों पर कोई बहस या चर्चा नहीं की।'
राजवंश के दरवाजे पर अब नहीं पहुंच रहा रक्षा कमीशन : स्मृति
राहुल के हमलों पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, वह एक कुंठित वंशवादी हैं, जिन्हें भारत के आंतरिक मामलों में अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप सही लगता है। केंद्रीय मंत्री ने लिखा, एक व्यक्ति जो भारत के आंतरिक मामलों में अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप चाहता है, एक हताश राजवंशी जो मेक इन इंडिया की महत्वाकांक्षाओं को ठेस पहुंचाता है। वह (राहुल) इस बात से नाराज हैं कि लोगों ने उन्हें नकार दिया है और अब रक्षा कमीशन राजवंश के दरवाजे पर नहीं पहुंच रहे हैं।