कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो इनकम टैक्स संशोधन बिल के जरिए कालाधन रखने वालों की मदद कर रही है। इसमें कहा गया है कि अघोषित धन का आधा पैसा उन्हें लौटा दिया जाएगा।
संसद के बाहर उन्होंने कहा कि कालाधन रखने वालों का आधा पैसा सरकार उन्हें वापस देना चाहती है। इसके साथ ही कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए ये भी कहा कि आयकर संशोधन बिल पेटीएम स्कीम यानी 'पे टू मोदी' स्कीम है।
आपको बता दें कि मंगलवा को लोकसभा में इनकम टैक्स संशोधन विधेयक पास कर दिया गया। इनकम टैक्स विधेयक के दूसरे संशोधन के मुताबिक कालाधन रखने वालों को अघोषित रकम पर पचास प्रतिशत टैक्स देना होगा, जिसमें सरचार्ज और पेनल्टी शामिल है।
विपक्ष के सांसदों के लोकसभा में वॉकआउट के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा "संसद के अंदर ऐसा चलन में है कि जब कोई मरता है तो हम उसे सम्मान देते हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि उन सैनिकों (नागरोटा हमले में शहीद) के लिए ऐसा नहीं किया गया। इसलिए विपक्ष ने वॉकआउट किया।"