एक मई से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण के बीच टीएमसी प्रमुख व बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर कोविड-19 टीकों का मूल्य केंद्र व राज्यों के लिए एकसमान रखने की मांग की है। ममता ने कंपनी द्वारा अलग-अलग मूल्य तय करने पर कड़ा एतराज जताया है। उधर, सीरम इंस्टीट्यूट ने मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है।
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा कि देश में कोविड वैक्सीन की कीमत एकसमान होना चाहिए। उन्होंने मूल्यों में अंतर को देश के संघीय ढांचे और गरीबों के खिलाफ बताया। टीएमसी प्रमुख ने मांग की कि देश के लोगों को वैक्सीन की खुराक मुफ्त में दी जाना चाहिए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि इसका पैसा केंद्र देगा या राज्य।
जयराम रमेश ने किया था ट्वीट
बता दें, इससे पहले कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा था कि केंद्र सरकार को कोविशील्ड 150 रुपये प्रति डोज के हिसाब से मिलेगी, लेकिन राज्य सरकारों को 400 रुपये देने होंगे। रमेश के अलावा कई अन्य विपक्षी नेताओं ने भी सवाल किया था कि राज्य सरकार को 400 रुपये क्यों चुकाना होंगे, जबकि केंद्र को कंपनी 150 रुपये में खुराक देगी?
सीरम ने कहा-केंद्र व राज्यों के लिए कीमत में कोई अंतर नहीं
दरअसल कोविशील्ड ने खुले बाजार में अपना टीके कोविशील्ड का बिक्री मूल्य तय कर दिया है। कोविशील्ड बनाने वाली पुणे की सीरम इंस्टीट्यूट के प्रमुख अदार पूनावाला ने स्पष्ट किया है कि केंद्र व राज्यों के लिए टीके की कीमत में कोई अंतर नहीं रखा गया है। एक मई से शुरू हो रहे नए कांट्रेक्ट के तहत केंद्र व राज्यों दोनों को 400 रुपये प्रति खुराक अदा करना होंगे। वहीं निजी अस्पतालों को इसके लिए 600 रुपये प्रति खुराक चुकाना पड़ेंगे।