रक्षामंत्री राजनाथ सिंह फ्रांस से पहला राफेल विमान को लेने के बाद गुरुवार रात भारत वापस लौट आए हैं। राफेल विमान की पूजा करने को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि 'मैंने वही किया, जो मुझे सही लगा। यह हमारी आस्था है कि कोई महाशक्ति है और मैं इस पर बचपन से भरोसा करता रहा हूं।'
उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि कांग्रेस पार्टी में भी इस पर राय बंटी हुई होगी। जरूरी नहीं है कि हर किसी की यही राय हो। राजनाथ सिंह ने पेरिस जाकर 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खेप के तहत पहला विमान रिसीव किया था।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों को अपनी आस्था के अनुसार प्रार्थना करने का अधिकार है। यदि किसी और ने ऐसा किया होता, तब मैं इस पर कोई आपत्ति नहीं करता। उन्होंने कहा कि राफेल को शामिल करने से वायुसेना की रक्षा और अटैक की ताकत में इजाफा होगा।