राजनाथ सिंह के बाद फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली राफेल इंडक्शन सेरेमनी को संबोधित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारे देशों के लिए एक उपलब्धि है। हम एक साथ मिलकर भारत-फ्रांस के रक्षा संबंधों में एक नया अध्याय लिख रहे हैं। हम 'मेक इन इंडिया' पहल के साथ-साथ अपनी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भारतीय निर्माताओं के एकीकरण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। फ्रांस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करता है।
रक्षा मंत्री राजना सिंह राफेल इंडक्शन सेरेमनी को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वायुसेना में राफेल का शामिल होना एक ऐतिहासिक क्षण है। इस अवसर पर मैं अपनी आर्म्स फोर्सिज सहित सभी देशवासियों को बधाई देता हूं। हम दोनों ने एक दूसरे को समझा है। भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक भागीदारी है जो समय के साथ मजबूत हो रही है। मजबूत लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था और संपूर्ण विश्व में शांति की कामना, हमारे आपसी संबंधो के आधार हैं। राफेल इंडक्शन पूरी दुनिया के लिए एक बड़ा और कड़ा संदेश है, खासकर हमारी संप्रभुता पर नजर रखने वालों के लिए। हमारी सीमाओं पर हाल के दिनों में जो तनाव का माहौल बना है, ऐसे समय पर ये इंडक्शन अहम है। अपनी हालिया विदेश यात्रा में, मैंने भारत के दृष्टिकोण को दुनिया के सामने रखा। मैंने सभी को किसी भी परिस्थिति में अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से समझौता नहीं करने के अपने संकल्प के बारे में अवगत कराया। हम इसके लिए हर संभव कोशिश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने राफेल इंडक्शन सेरेमनी को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राफेल जहां भी और जब भी तैनात होगा, वह दुश्मनों पर भारी पड़ेगा।
स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस ने राफेल इंडक्शन सेरेमनी के दौरान अंबाला एयरबेस में फ्लाईपास्ट किया।
अंबाला एयरबेस पर पांच राफेल लड़ाकू विमानों को वाटर कैनन सैल्यूट दिया गया।
राफेल विमान की रफ्तार 2130 किमी प्रति घंटा है, यानी ध्वनि की गति से दोगुना। यह परमाणु हमले में भी सक्षम है। राफेल की नोज पर लगी मल्टी डायरेक्शनल रडार 100 किमी की रेंज में 40 से अधिक टारगेट निशाने पर ले सकता है। इसमें लगा एक टन का कैमरा इतना ताकतवर है कि जमीन पर पड़ी क्रिकेट बॉल तक की फोटो ले सकता है।
भारतीय वायुसेना की प्रक्रिया के तहत सभी धर्मों के गुरुओं ने अंबाला एयरबेस पर पूजा की। इसके बाद विधिवत रूप से राफेल को बल में शामिल किया। इस दौरान जवानों की सलामती के लिए भी दुआएं मांगी गई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली ने राफेल लड़ाकू विमानों के फ्लाईपास्ट को देखा।
राफेल जेट उड़ाने के लिए भारतीय वायुसेना के पायलटों को खासतौर से ट्रेनिंग दी गई हैं। फ्रांसीसी कंपनी द्वारा कई समूहों में भारतीय पायलटों को ट्रेनिंग दी जा रही है। साल 2018 में इस खास ट्रेनिंग के लिए एक फाइटर पायलट, एक इंजीनियर और चार तकनीकी विशेषज्ञों को पहले ग्रुप में चुना गया था।
राफेल लड़ाकू विमान को भारतीय वायुसेना में शामिल कर लिया गया है। सर्वधर्म प्रार्थना के बाद अब फ्लाईपास्ट की बारी है।
अंबाला के वायुसेना एयरबेस में राफेल इंडक्शन सेरेमनी के लिए आयोजित 'सर्वधर्म प्रार्थना' खत्म हो गई है। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया उपस्थित थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली, अंबाला एयरबेस में राफेल इंडक्शन सेरेमनी में 'सर्वधर्म प्रार्थना' कर रहे हैं।
एलएसी पर चीन की चालबाजियों और एलओसी पर पाकिस्तान की नापाक हरकतों को करारा जवाब देने के लिए राफेल भारत की ताकत में इजाफा करेंगे। माना जा रहा है कि अगले हफ्ते इन्हें चीन सीमा पर तैनात किया जा सकता है।
वायुसेना की दशकों पुरानी और भारत-पाक युद्ध में अहम भूमिका निभा चुकी 17 स्क्वाड्रन गोल्डन एरो के कंधों पर राफेल की जिम्मेदारी है। इस स्क्वाड्रन को खत्म कर दिया गया था। मगर अब इसे राफेल के लिए फिर पुनर्जीवित किया गया है।
भारत ने लगभग चार साल पहले फ्रांस के साथ 59,000 करोड़ रुपये में 36 राफेल विमान खरीदने को लेकर डील की थी। राफेल इंडक्शन सेरेमनी में 'सर्वधर्म प्रार्थना' की जाएगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली के साथ अंबाला के लिए रवाना हो गए हैं।
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली को दिल्ली पहुंचने पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वे अंबाला में राफेल के भारतीय वायुसेना में शामिल किए जाने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंबाला रवाना होने से पहले पालम वायुसेना स्टेशन पर फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली से मुलाकात की। यह जानकारी रक्षा मंत्री कार्यालय द्वारा दी गई है।
फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पर्ली दिल्ली के पालम स्थित हवाई अड्डे पहुंची। वे आज अंबाला के वायुसेना एयरबेस में शामिल होने वाले राफेल समारोह की मुख्य अतिथि हैं।