राचाकोंडा के पुलिस आयुक्त महेश एम भागवत ने एक विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी के आरोप में हैदराबाद में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
तेलंगाना की राचाकोंडा पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राचाकोंडा के पुलिस आयुक्त महेश एम भागवत ने एक विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी के आरोप में हैदराबाद में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि पी भास्कर ने नौकरी की तलाश कर रहे 100 से ज्यादा लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। आरोपियों ने पीड़ितों से वादा किया था कि परीक्षा में बिना कुछ लिखे उन्हें पास करवा दिया जाएगा और उनकों नौकरी मिल जाएगी।
विज्ञापन
राचाकोंडा पुलिस ने बताया कि पी भास्कर दिल्ली में रहकर कमीशन पर दलाली का काम करता था। उसने एक गिरोह भी बना रखा था। उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर हैदराबाद, दिल्ली, चेन्नई और पश्चिम बंगाल के छात्रों से नौकरी देने का वादा कर करोडों रुपये की ठगी को अंजाम दिया था। इतना ही नहीं उसने छात्रों से मूल शैक्षिक प्रमाणपत्र लिए और उनको फर्जी ऑफर लेटर, नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिए।
इसके बाद जब छात्रों ने आरोपियों पर दबाव बनाना शुरू किया तो वे सभी दिल्ली से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर हैदराबाद में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।