आप नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए आवश्यक और उचित व्यवस्था करने में विफल रही है, इसीलिए राज्य में कोरोना के कारण होने वाली मौतों में काफी वृद्धि हुई है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता हरपाल सिंह चीमा ने पंजाब सरकार पर कोरोना के मामले में असफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कोरोना मरीजों के इलाज की व्यवस्था करने में पूरी तरह असफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने न तो अस्पतालों में बेड बढ़ाने में सफलता हासिल की है और न ही वे सभी को वैक्सीन की सुविधा पहुंचाने में सफल रहे हैं। इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
विज्ञापन
आप नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए आवश्यक और उचित व्यवस्था करने में विफल रही है, इसीलिए राज्य में कोरोना के कारण होने वाली मौतों में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह खबर पढ़कर दुख हुआ कि कैप्टन सरकार ने आम आदमी की जान बचाने के लिए उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के बजाय 5,000 रुपये शव कवर की आपूर्ति के लिए निविदा जारी की है।
उन्होंने कहा कि यह सरकार की संवेदनहीनता का प्रमाण है कि वह पहले तो लोगों का इलाज नहीं करा पाई और अब उनके शवों के लिए व्यवस्था कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार कोरोना मरीजों के इलाज के लिए इतनी ही संजीदा रही होती तो आज उसे कोरोना शवों के प्रबंधन के लिए टेंडर न जारी करना पड़ता।