पंजाब में सिख वोटरों तक पहुंच बनाने की रणनीति
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पंजाब विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने की कोशिश में जुटी भाजपा इस बार करीब-करीब पूरी तरह से दूसरे दलों के नेताओं के भरोसे होगी। प्रदेश संगठन, चुनावी कमेटियों के बाद पार्टी की योजना अब चुनाव लड़ाने के मामले में भी दूसरे दलों के नेताओं पर अधिक भरोसा जताने का है। खासतौर से राज्य में सिख बिरादरी में पैठ बनाने और मालवा क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पार्टी ने मूल काडर से जुड़े नेताओं की जगह दूसरे दलों से आए नेताओं को तरजीह देने का फैसला किया है।
दरअसल, शिरोमणि अकाली दल से नाता टूटने के बाद पार्टी ने मालवा क्षेत्र में प्रभाव बढ़ाने के लिए इस आशय की रणनीति बनाई। राज्य की रणनीति से जुड़े वरिष्ठ नेता के मुताबिक, तीन दशक से अकाली दल से गठबंधन के दौरान पार्टी ने साठ फीसदी सीट की हिस्सेदारी रखने वाले मालवा क्षेत्र से दूरी बनाई।
भाजपा को क्यों लेना पड़ रहा बाहरियों का सहारा?
राज्य में सिख चेहरा के रूप में एक मात्र नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा कोई नहीं था और वह भी पार्टी छोड़ गए। यहां पैठ बनाए बिना राज्य की राजनीति में अलग पहचान संभव नहीं थी। चूंकि तीन दशक में पार्टी इस क्षेत्र में अपने संगठन का मजबूत ढांचा तैयार नहीं कर पाई, ऐसे में उसे दूसरे दलों से आए नेताओं का सहारा लेना पड़ा।
117 सीटों पर होगा पंजाब विधानसभा चुनाव
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में राज्य की 117 सीटों पर मतदान होगा। इनमें 34 सीटें अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। किसी भी पार्टी या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए कम से कम 59 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी। मौजूदा 16वीं पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। इसलिए इससे पहले नई विधानसभा के गठन के लिए चुनाव कराए जाने हैं। हालांकि, अभी तक मतदान की तारीखों का एलान नहीं हुआ है।
पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 117 में से 92 सीटें जीती थीं। इसके बाद भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी ने सरकार बनाई। कांग्रेस को 18, शिरोमणि अकाली दल को तीन और भाजपा को दो सीटें मिली थीं। आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा प्रमुख राजनीतिक दलों के रूप में मैदान में होंगे।