देश में मार्च 2017 तक कुल 98,148 सहकारी बैंक और क्रेडिट सोसायटी थीं। इनमें से 96,606 ग्रामीण सहकारी बैंक व 1542 शहरी सहकारी बैंक थे। 1542 शहरी सहकारी बैंकों में सिर्फ 54 शेड्यूल व 1488 नॉन शेड्यूल बैंक थे। ग्रामीण सहकारी बैंकों में सबसे अधिक 95,595 प्राइमरी कृषि ऋण सोसायटी हैं।
देश में सहकारी बैंक और क्रेडिट सोसायटी की संख्या
शहरी सहकारी बैंक 1542
* शेड्यूल बैंक 54
* नॉन-शेड्यूल बैंक 1488
ग्रामीण सहकारी बैंक 96606
* प्रधान कृषि क्रेडिट सोसायटी 95595
* ग्रामीण एवं कृषि विकास सहकारी बैंक 601
* जिला स्तर के सहकारी बैंक 364
* राज्य स्तर के सहकारी बैंक 33
* राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास सहकारी बैंक 13
* सबसे ज्यादा जिला स्तर के सहकारी बैंकों वाला राज्यः उत्तर प्रदेश
* सबसे ज्यादा शहरी सहकारी बैंकों वाला शहरः बेंगलुरू (263 बैंक)
बैंकों की गड़बड़ियां
आर्थिक समाचारों की वेबसाइट्स में प्रकाशित अलग-अलग रिपोर्ट के आकलन से यह पता चलता है कि देश में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के बैंक घोटाले हो चुके हैं। बैंकों में धोखाधड़ी के 92 प्रतिशत मामले ऋण से संबंधित होते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने धोखाधड़ी से संबंधित जो सूचनाएं संकलित की हैं उसके अनुसार वित्तीय वर्ष 2018-19 में देश में कुल 6800 से अधिक धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। इनमें बैंकों को 71500 करोड़ रुपये का चूना लगा। यहां हम आपको महाराष्ट्र के कुछ सहकारी बैंकों के कारनामों के बारे में बता रहे हैंः
महाराष्ट्र सहकारी बैंक: 25000 करोड़ की गड़बड़ी
एक जनवरी 2007 से 31 मार्च 2017 के बीच लगभग 25000 करोड़ रुपये का घोटाला किए जाने का खुलासा हुआ था। इस मामले में बैंक के 70 पूर्व अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज की गई थी। बाम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा से इस मामले में कुल 75 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे।
माधवपुरा सहकारी बैंक: 45000 लोग परेशान
गुजरात स्थित माधवपुरा मर्चेंटाइल सहकारी बैंक में वर्ष 2001 में लगभग 1200 करोड़ रुपये के घोटाले का पता चला था। इस बैंक में 45000 ग्राहकों का पैसा एक साल तक फंसा था। जून 2012 में भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंक का लाइसेंस निरस्त कर दिया था।
समता सहकारी बैंक: 145 करोड़ का घोटाला
3-4 अगस्त 2006 को आरबीआई ने महाराष्ट्र के समता सहकारी बैंक के लेनदेन पर पाबंदी लगा दी थी। बैंक में 145 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ था।
और भी हैं बैंक घोटाले
पंजाब नेशनल बैंक घोटाला: 11,400 हजार करोड़ का पीएनबी घोटाला देश का सबसे बड़ा बैंकिंग घोटाला है। इसका मुख्य आरोपी नीरव मोदी है जो देश छोड़कर भाग गए हैं। इसमें नीरव का मामा मेहुल चौकसी भी शामिल है।
इलाहाबाद बैंक घोटाला: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा जारी साख पत्रों के आधार पर हुए 11,400 करोड़ रुपये के घोटाले में इलाहाबाद बैंक का भी करीब 2,000 करोड़ रुपया फंसा है। इसके अलावा देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने भी 1,360 करोड़ रुपये का कर्ज दिया है।
* मार्च 2017 के आंकड़े, स्रोतः भारतीय रिजर्व बैंक