पंजाब में मुख्यमंत्री बदल जाने के बाद भी आम आदमी पार्टी ने सरकार पर हमला बोलना जारी रखा है। पार्टी ने मांग की है कि नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पिछले मंत्रिमंडल में शामिल दागी मंत्रियों पर जांच बिठाएं और जल्द से जल्द उन्हें जेल भेजें। पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस चेहरा बदलकर भ्रष्टाचार के मामलों को छिपाना चाहती है लेकिन आम आदमी पार्टी लगातार कांग्रेसी नेताओं के भ्रष्टाचार को उजागर करती रहेगी।
आम आदमी पार्टी नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार में उनके चहेते मंत्रियों ने दलित छात्रों की स्कॉलरशिप घोटाला किया है। इसके अलावा दूसरे मंत्री ने किसानों को दी जा रही सहायता में घोटाला किया है। युवाओं की नौकरी देने के नाम पर भी भ्रष्टाचार किए गए हैं। चीमा ने कहा कि नए मुख्यमंत्री चन्नी इन घोटालों की जांच कराएं और दागी मंत्रियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजें।