राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश में शामिल आईएस के सात आंतकियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। आरोपपत्र के अनुसार आरोपी इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) के लिए आतंक और हिंसा से संबंधित गतिविधियों को आगे बढ़ाने के इरादे से धन इकट्ठा कर रहे थे।
आरोपियों ने आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए। ज्ञात और वांछित आतंकवादियों को शरण दी। केंद्रीय एजेंसी ने कहा कि आरोपियों में से दो मोहम्मद इमरान-मोहम्मद यूसुफ खान उर्फ मटका उर्फ आमिर अब्दुल हमीद खान और मोहम्मद यूनुस-मोहम्मद याकूब साकी उर्फ आदिल उर्फ आदिल सलीम खान मध्य प्रदेश के रतलाम के निवासी हैं। कदीर दस्तगीर पठान उर्फ अब्दुल कदीर और सीमाब नसीरुद्दीन काजी महाराष्ट्र के कोंडवा से हैं और जुल्फिकार अली बड़ौदावाला उर्फ लालाभाई उर्फ सैफ, शमिल साकिब नाचन और आकिफ अतीक नाचन ठाणे के पडघा से हैं।