जम्मू कश्मीर के पुलवामा में अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला हुआ है। इस हमले में हमारे 40 जवान शहीद हो गए। गुरुवार को हुए इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली है। ये सेना पर हुआ अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला है, जिससे देश की सुरक्षा एजेंसियों पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
देशभर में पाकिस्तान के प्रति गहरा गुस्सा है। जवानों की शहादत से हर कोई दुखी है। देशभर में उनकी शहादत को सलाम करते हुए कोई पाकिस्तान के झंडे के साथ मुफ्त लाइट दे रहा है तो किसी ने अपनी बेटी की शादी का भोज रद्द कर 11 लाख रुपये का दान किया है।
सीआरपीएफ जवानों की शहादत के बाद पाकिस्तान के खिलाफ लोगों में काफी गुस्सा है। लोग अपने-अपने ढंग से विरोध जता रहे हैं। पुणे में झंडा विक्रेता गिरीश मुरूदकर झंडेवाले ने शुक्रवार को 100 से अधिक पाकिस्तानी झंडे बेचे। इसके साथ मुफ्त लाइटर भी दिए ताकि लोग झंडे को आग लगा सकें।
सूरत के हीरा कारोबारी सेठ देवसी माणेक की बेटी अमी की शुक्रवार को शादी हुई है। परिवार ने शादी के बाद दिए जाने वाला भोज रद्द कर दिया। उन्होंने सभी मेहमानों को इसकी सूचना दे दी। परिवार ने इसके बदले कुछ संस्थाओं को 5 लाख रुपये और पुलवामा के शहीदों के परिवारों को 11 लाख रुपये दान करने का निर्णय लिया है।
अर्जुन अवार्ड प्राप्त पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज सरकार को गुरुवार को मुंबई के ताज होटल में आयोजित कार्यक्रम में पैराएथलीट 'स्पोर्ट्स मैन ऑफ द ईयर -2018' के खिताब से नवाजा गया। मनोज ने यह पुरस्कार शहीद सीआरपीएफ जवानों को समर्पित किया है। इधर, दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर एंड एम्प्युटी विश्व खेल में पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता के सिंगल्स व डबल्स में पीएसी जवान शरद जोशी ने दो कांस्य पदक जीते थे। उन्होंने अपने पदकों को सीआरपीएफ के शहीद जवानों को समर्पित किया है।