नरेंद्र मोदी-अमित शाह-राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
पिछले साल आज के दिन यानी 14 फरवरी को दोपहर तीन बजे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आत्मघाती हमला किया था। जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस आतंकी घटना की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीआरपीएफ ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों को याद करते हुए कहा कि भारत कभी उनकी शहादत नहीं भूलेगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'पिछले साल पुलवामा में हुए भीषण हमले में जान गंवाने वाले बहादुर शहीदों को श्रद्धांजलि। वे असाधारण व्यक्ति थे जिन्होंने हमारे राष्ट्र की सेवा और रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। भारत उनकी शहादत को कभी नहीं भूलेगा।'
अमित शाह ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि भारत हमेशा अपने बहादुरों और उनके परिवारों का आभारी रहेगा जिन्होंने मातृभूमि की संप्रभुता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मैं पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देता हूं। भारत हमेशा अपने बहादुरों और उनके परिवारों का आभारी रहेगा जिन्होंने मातृभूमि की संप्रभुता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत उनके बलिदान को कभी नहीं भूल पाएगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, '2019 में आज के दिन पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) में हुए नृशंस हमले के दौरान अपने कर्तव्य पथ पर चलते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि। भारत उनके बलिदान को कभी भूल नहीं पाएगा। संपूर्ण राष्ट्र आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और हम इस खतरे के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
अपने वीर जवानों को याद करते हुए सीआरपीएफ ने कहा कि हम न भूले हैं और न ही माफ करेंगे। सीआरपीएफ ने ट्वीट करके कहा, 'तुम्हारे शौर्य के गीत, कर्कश शोर में खोए नहीं। गर्व इतना था कि हम देर तक रोए नहीं। हम भूले नहीं हैं, हम माफ नहीं करेंगे। हम अपने भाइयों को सलाम करते हैं जिन्होंने पुलवामा में राष्ट्र की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। हम अपने बहादुर शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं।'