पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में पुडुचेरी ही एकमात्र ऐसा राज्य रहा जहां कांग्रेस को कुछ जश्न मनाने का मौका मिला, लेकिन नेताओं की आपसी खींचतान में कांग्रेस की यह खुशी खटाई में पड़ती दिख रही है। यहां कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में है, लेकिन मामला नेता को लेकर फंस गया है। 30 विधानसभा सीटों वाले इस केन्द्र शासित प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से सीएम पद के लिए कई दावेदार खड़े हो गए हैं।
इनमें सबसे पुख्ता दावा ठोका है वयोवृद्ध नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री नारायण सामी ने। खास बात ये है कि वह अभी विधानसभा के सदस्य भी नहीं हैं लेकिन उन्होंने अपने साथ 15 विधायकों के समर्थन का दावा किया है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार एआईसीसी महासचिव वी नारायणसामी के इस दावे के बाद पुडुचेरी में सीएम पद को लेकर पार्टी असमंजस में फंस गई है। आलम ये है कि राज्य में पार्टी दो धड़े में बंटती दिख रही है। उनके विरोधी गुट का दावा है कि नारायणसामी को मात्र पांच विधायकों का ही समर्थन है, 15 का नहीं। वहीं राज्य कांग्रेस के मुखिया ए नमाचिवयम ने इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से भी मुलाकात की वह भी राज्य में सीएम पद के प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं। हालांकि उनके कुछ देर बाद ही नारायणसामी भी कांग्रेस अध्यक्षा से मिलने पहुंचे।