पुडुचेरी विधानसभा चुनाव: पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : Twitter@bjp4india
पुडुचेरी में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर 29 व 30 मार्च तक यहां ड्रोन और अन्य मानव रहित यान (यूएवी) की उड़ानों पर प्रतिबंधित लगा दिया गया है।
जिलाधिकारी पुरवा गर्ग ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ड्रोन और अन्य मानवरहित यान की उड़ानों पर प्रतिबंध लगाने के लिए पूरे पुडुचेरी क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है। मोदी छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में राजग उम्मीदवारों के समर्थन में आज यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को पुडुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। यहां छह अप्रैल को 30 सीटों के लिए मतदान होना है।
भाजपा ने अपने घोषणापत्र में केजी से पीजी तक की छात्राओं को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और कॉलेज की लड़कियों को मुफ्त स्कूटर देने का वादा किया गया है।
भाजपा ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण, महिलाओं के लिए मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों, आंगनवाड़ियों और पीडीएस आउटलेट्स पर सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनों की स्थापना का वादा किया गया है।