वित्त वर्ष 2019-20 के बजट दस्तावेजों के प्रकाशन का काम सोमवार से शुरू हो गया। इससे पहले, हर वर्ष की तरह इस बार भी वित्त मंत्रालय स्थित बजट प्रेस में परंपरागत हलवा बनाया और बांटा गया। हां, हर वर्ष से अलग इस वर्ष, इस अवसर पर केन्द्रीय वित्त मंत्री की जगह केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्रियों ने हलवा वितरण समारोह में शिरकत की। ऐसा इसलिए, क्योंकि वित्त मंत्री अरुण जेटली इस समय देश में नहीं हैं।
वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुबह ही बजट प्रेस में वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ल, वित्त और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री पी राधाकृष्णन, वित्त सचिव सुभाष गर्ग और अन्य अधिकारी समारोह में मौजूद थे। इसी के साथ अब मंत्रालय के करीब 100 कर्मियों का बजट पेश होने तक नॉर्थ ब्लॉक से निकलना बंद हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हर साल बजट को अंतिम रूप देने से कुछ दिन पहले नॉर्थ ब्लॉक में वित्त मंत्रालय के ऑफिस में एक बड़ी कढ़ाई में हलवा बनाया जाता है। वित्त मंत्री खुद इस कार्यक्रम में भाग लेते हैं। हालांकि, इस वर्ष वित्त मंत्री अरुण जेटली बीमारी की वजह से इस समारोह में शामिल नहीं हो पाए। हलवा बनाने की रस्म काफी पहले से ही चली आ रही है। इसके पीछे कारण यही है कि हलवे को शुभ माना जाता है और शुभ काम की शुरुआत भी मीठे से की जाती है।