संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने 2 जून को होने वाली सिविल सेवा परीक्षा में बैठने वाले प्रत्याशियों को उनका ई-एडमिट कार्ड संभाल कर रखने की नसीहत दी है। आयोग ने कहा है कि यदि किसी प्रत्याशी के ई-प्रवेश पत्र का दुरुपयोग होता है, तो इस मामले में बेगुनाही साबित करने की जिम्मेदारी उसी प्रत्याशी की होगी जिसका एडमिट कार्ड है।
आईएएस और आईपीएस की इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए ‘क्या करें, क्या न करें’ से संबंधित निर्देश जारी करते हुए यूपीएससी ने उम्मीदवारों से कहा है कि इसके अंतिम परिणाम आने तक वह अपने एडमिट कार्ड संभाल कर रखें।
उम्मीदवारों से कहा गया है कि वह परीक्षा के लिए मूल पहचान पत्र के साथ-साथ ई-एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट भी अपने साथ लाएं। सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा पूरे देश में रविवार को होगी। यह परीक्षा प्रारंभिक, मेंस और साक्षात्कार तीन चरणों में संपन्न होती है।