प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के कुछ शीर्ष राजनीतिक नेताओं के आवासों में आग लगा दी, जिनमें प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली भी शामिल हैं। ओली ने मंगलवार को पीएम पद से इस्तीफा दे दिया और सेना उन्हें अज्ञात जगह पर ले गई है। पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा प्रदर्शनकारियों के हमले में घायल हुए हैं
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में हिंसा और विरोध प्रदर्शनों के चलते काठमांडु एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। काठमांडु एयरपोर्ट बंद होने के चलते नेपाल जा रहे इंडिगो एयरलाइंस के दो विमानों को लखनऊ में उतारा गया। नेपाल के विमानन प्राधिकरण के अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि नेपाल के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे काठमांडु एयरपोर्ट को खराब दृश्यता के चलते बंद कर दिया गया है। प्रदर्शन के चलते इलाके में आग और धुआं निकल रहा है।
विज्ञापन
कई उड़ानें अटकी
फ्लाइटराडार24 डॉट कॉम पर उपलब्ध ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, इंडिगो की दो उड़ानें - 6E1153 (दिल्ली से काठमांडू) और 6E1157 (मुंबई-काठमांडू) नेपाल की राजधानी त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रुकी हुई हैं और मंज़ूरी का इंतजार कर रही हैं। भारत से नेपाल जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुईं। एअर इंडिया ने दिल्ली-काठमांडू मार्ग पर चलने वाली तीन उड़ानों (AI2231/2232, AI2219/2220 और AI217/218) को रद्द कर दिया। सोमवार को नेपाल के काठमांडू में युवा पीढ़ी के नेतृत्व में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए। सरकार द्वारा इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, यूट्यूब और एक्स सहित कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने के फैसले के खिलाफ हिंसा भड़की।
कई नेताओं के घरों में लगाई आग
प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के कुछ शीर्ष राजनीतिक नेताओं के आवासों में आग लगा दी, जिनमें प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली भी शामिल हैं। ओली ने मंगलवार को पीएम पद से इस्तीफा दे दिया और सेना उन्हें अज्ञात जगह पर ले गई है। पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा प्रदर्शनकारियों के हमले में घायल हुए हैं। राजधानी और अन्य शहरों में कर्फ्यू लगा दिया गया है और काठमांडू के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इससे पहले सोमवार को प्रदर्शनकारी संसद भवन में घुस गए थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने गोलीबारी की, जिसमें 20 प्रदर्शनकारी मारे गए थे।