डीएसपी वीरा रेड्डी ने प्रदर्शनकारी के छुए पैर
- फोटो : Twitter
इस घटना का एक वीडियो सामने आया है जो मनददम जिले का है। राज्य के किसान तीन राजधानी के प्रस्ताव के खिलाफ लगभग तीन हफ्ते से भी ज्यादा समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस उप-अधीक्षक (डीएसपी) पहले प्रदर्शनकारियों को कुछ समझा रहे हैं। जिसके बाद प्रदर्शनकारी उनके पैर पर गिरने लगते हैं।
डीएसपी उसे रोकते हैं और फौरन बाद वह प्रदर्शनकारी के पैर छूने के लिए नीचे झुकते हैं। एक दिन पहले प्रदर्शन कर रही महिलाओं के साथ पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर अमरावती के किसानों ने शनिवार को बंद रखा था। इसी के तहत अमरावती के शैक्षणिक संस्थान, बैंक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को जबरन बंद कराया गया।
हालांकि छुट्टी के चलते वेलगापुडी में राज्य सचिवालय बंद था। अमरावती के अंतर्गत आने वाले 29 गांवों के हजारों किसानों ने सड़क जाम किया और अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर बैरिकेड्स लगाकर पुलिस को गांव के अंदर आने से रोकने की कोशिश भी की।