प्रवर्तन निदेशालय ने विभिन्न लोगों, इकाइयों और कंपनियों से जुड़ी 24.41 करोड़ रुपये की चल संपत्ति जब्त कर ली है, जिनका इस्तेमाल पुणे स्थित वीआईपीएस ग्रुप ऑफ कंपनीज और ग्लोबल एफिलिएट बिजनेस कंपनी का मालिक और फरार आरोपी विनोद खुटे करता था। खुटे भगोड़ा है और इस समय दुबई में रह रहा है और वहां की फर्म काना कैपिटल लिमिटेड के माध्यम से अवैध व्यापार, क्रिप्टो एक्सचेंज व विदेशी मुद्रा व्यापार चला रहा है। ईडी की तरफ से शुक्रवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, जब्त संपत्ति में 58 बैंक खातों में जमा 21.27 करोड़ रुपये की शेष राशि और 3.14 करोड़ रुपये की जमा राशि शामिल है।
ईडी के मुंबई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की है। ईडी विनोद खुटे, संतोष खुटे, मंगेश खुटे, किरण पीतांबर अनारासे, अजिंक्य बदाधे और अन्य के खिलाफ पुणे के भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मामला आम लोगों को धोखा देने और उच्च रिटर्न के बहाने पोंजी स्कीम में फंसाने और विदेशी मुद्रा व्यापार के लिए लुभाने की साजिश रचने से जुड़ा है।