रॉबर्ट वाड़ा को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पहले ईडी कार्यालय जाकर छोड़ा और फिर कांग्रेस मुख्यालय आकर साफ कर दिया है कि उनके नाम के साथ वाड्रा भी जुड़ा है। कांग्रेस भी वाड्रा को लेकर रक्षात्मक मुद्रा में नहीं दिखना चाहती है। कांग्रेस मुख्यालय के आसपास लगे पोस्टर में राहुल-प्रियंका के साथ वाड्रा का चित्र है। साफ है कि पार्टी इसका नफा-नुकसान देखकर ही ऐसा कर रही है। वाड्रा के मुद्दे पर कांग्रेस के पैनलिस्ट और प्रवक्ता भी खुलकर अपनी बात रख रहे हैं। जबकि पहले वाड्रा के मामले में उन्हीं की ओर से कोई जवाब आता था।
रातों-रात बदल गया सिंधिया का कमरा
मंगलवार रात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया का कमरा बदल गया। पहले उन्हें प्रभारी ओमान चांडी के कमरे को शेयर करना था लेकिन सुबह उनके नाम की तख्ती वहां से हटाकर प्रियंका गांधी के कमरे में शिफ्ट कर दी गई। कांग्रेस अध्यक्ष ने यूपी के दोनों महासचिवों को एक कमरे में बैठाया है। सिंधिया ने सुबह मुख्यालय पहुंचकर अपने कमरे पूजा-अर्चना की और काफी देर तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके जाने के करीब एक घंटे बाद प्रियंका भी चार्ज लेने पहुंचीं।