भाजपा की एक विधायक के द्वारा बसपा नेता मायावती पर की गई अभद्र टिप्पणी पर कांग्रेस ने गहरा रोष प्रकट किया है। पार्टी का कहना है कि सभ्य समाज में इस तरह की टिप्पणियों को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। लेकिन दुर्भाग्य है कि भाजपा ऐसे बयान देने वालों को हमेशा पुरस्कृत करती आई है जिसकी वजह से इस तरह के बयानों की बाढ़ आ गई है।
कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में इस मसले पर अपनी टिप्पणी देते हुए कहा कि यह और भी अधिक गलत है कि एक महिला ने ही एक महिला के बारे में इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी की है। उन्होंने याद किया कि लखनऊ के एक भाजपा नेता दयाशंकर सिंह इसके पहले भी मायावती पर अभद्र टिप्पणी कर चुके हैं। लेकिन भाजपा ने उन्हें दंडित करने की बजाय उनकी पत्नी को विधायक बनवा दिया और आज वे उत्तरप्रदेश सरकार में एक मंत्री हैं।
उन्होंने कहा कि जब इस तरह के बयान देने वालों को पदोन्नति दी जाएगी तो इससे गलत बयानबाजी करने वालों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि उक्त बयान देने वाली महिला विधायक को पूरे देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।
इसी सिलसिले में कांग्रेसी नेता बीके हरिप्रसाद के बयानों पर प्रतिक्रिया मांगने के बाद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि कांग्रेस एक समृद्ध परंपरा की पार्टी है और वह किसी भी व्यक्ति पर गलत टिप्पणी को सपोर्ट नहीं करती है। बीके हरिप्रसाद खुद अपनी टिप्पणी पर सफाई दे चुके हैं। इसके बाद भी, पूर्व में कुछ लोगों के द्वारा कुछ भी गलत बयान देने पर पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे रोकने की कोशिश की है। उन्होंने स्वयं दूसरों का सम्मान करने और सभ्य भाषा को प्रोत्साहित करने की बात हमेशा कही है और इसी संस्कार को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और भाजपा के बीच बुनियादी फर्क है जो हमेशा दिख जाता है।