प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवाली मिलन समारोह के दौरान मीडियाकर्मियों को छठ और दिवाली की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार में आने के बाद उनकी भूमिका और दायित्व बदल गए हैं। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार की जिम्मेदारियों और बदलती भूमिका का भी जिक्र किया।
उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ''त्योहारों का समय ऐसा होता है, जब हर कोई अपने घर पर, अपने परिवार के साथ, अपनों के साथ समय बिताने का प्रयास करता है। लेकिन आपका काम ऐसा है कि ब्रेकिंग न्यूज के लिए भागदौड़ लगी रहती है। ऐसी व्यस्तता में आप सभी इस नॉन ब्रेकिंग न्यूज वाले कार्यक्रम में आए। मैं आप सबका बहुत आभारी हूं।''
पीएम मोदी बोले- ऐसे ही कार्यक्रमों में लगा चुका हूं कुर्सियां
भाजपा मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मेरा लंबे समय से आप सभी के साथ स्वाभाविक जुड़ाव रहा है। प्रेस विज्ञप्तियों से लेकर इंस्टाग्राम रील्स तक, मैंने मीडिया और उसके साथ संवाद के तरीके में लंबे समय के दौरान आए बदलावों को देखा है। मुझे याद है कि 1990 के दशक की शुरुआत में मुझे देशभर में निकाली गई दो बड़ी यात्राओं के दौरान संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। उस समय प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। जब मैं दिल्ली आया, तब भी ये जिम्मेदारियां मेरे पास थीं।"
उन्होंने कहा, "उस समय पार्टी का कार्यालय अशोक रोड पर हुआ करता था। तब भी दिवाली मिलन समारोह आयोजित होता था। इन कार्यक्रमों में मेरी जिम्मेदारी कुर्सियों का इंतजाम करने और आप सभी का ध्यान रखने की होती थी। मैं यही काम किया करता था। उस समय कैमरों की संख्या कम थी, लेकिन आपसी रिश्तों में वही अपनापन और नजदीकी बनी हुई थी।"
पीएम मोदी ने सुनाया दिल्ली से गुजरात के सीएम बनने की खबर मिलने का किस्सा
प्रधानमंत्री मोदी ने दिवाली मिलन समारोह के दौरान अपने पत्रकार मित्रों से गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर मिलने का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया, ''पिछले महीने मुझे सरकार का प्रमुख बने हुए 25 साल पूरे हो गए। मुझे यह घटना बहुत अच्छी तरह याद है। आज भी मैं सोचता हूं कि आप लोगों में ऐसा क्या है, जो हमें हमेशा चौंका देता है।''
उन्होंने कहा, ''उस समय इस बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी थी। पार्टी के सिर्फ दो-चार वरिष्ठ नेताओं को ही पता था। मैं अपना ज्यादातर समय यहां 11 अशोक रोड पर बिताता था। एक दिन पत्रकारों का पूरा समूह मेरे कमरे में आ गया। आमतौर पर पत्रकार मेरे साथ ऐसा नहीं करते थे, लेकिन उस दिन वे सीधे कमरे में चले आए।''
'अपने खर्च पर मेरे सीएम पद के शपथग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए थे पत्रकार'
पीएम ने कहा, ''उनके बीच महिला पत्रकारों का एक समूह भी था, जिसका काफी प्रभाव था। उन्होंने मुझसे कहा, 'आपको हमें मिठाई खिलानी होगी।' मैंने पूछा, 'किस बात की खुशी में? मैं मिठाई क्यों बांटूं?' उन्होंने जवाब दिया, 'आप गुजरात जा रहे हैं। आप मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।' मैंने उनसे कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन वे अपनी बात पर अड़ी रहीं। उन्होंने कहा, 'हमें सब पता है। आप झूठ बोल रहे हैं।'''
उन्होंने कहा, ''इस फैसले की जानकारी वास्तव में बहुत कम लोगों को थी, लेकिन पत्रकारों के इस पूरे समूह को किसी तरह इसकी भनक लग गई थी। खैर, उनकी जानकारी सही निकली। उस समय उनके सवालों का जवाब देना मेरे लिए काफी मुश्किल था। लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात से हुई कि 2001 में जब मैंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो मेरे कई पत्रकार मित्र अपने खर्च पर और अपनी व्यवस्था करके समारोह में शामिल होने आए थे। वे वहां कार्यक्रम की रिपोर्टिंग करने के लिए नहीं आए थे।"