प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के 75 दिन का कार्यकाल पूरा करने के मौके मंगलवार को कहा कि हमारी सरकार ने शुरुआती दिनों में ही काफी कुछ कर दिखाया है। जम्मू—कश्मीर से लेकर अंतरिक्ष में चंद्रयान 2 भेजने तक ऐसे कई लक्ष्य हासिल किए हैं। हम स्पष्ट नीति के साथ सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, लोकतंत्र में जनसमर्थन की बदौलत हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक समाचार न्यूज एजेंसी को दिए साक्षात्कार में कहा कि हमारी सरकार ने 75 दिन के कार्यकाल में बच्चों की सुरक्षा से लेकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के अभिशाप से मुक्त कराने और किसान के लिए काम किए हैं। हमारी सरकार ने दिखाया है कि अपार जनसमर्थन के बल पर लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र सरकार ने सबसे बड़ी समस्याओं को सुलझाने के लिए कई कदम उठाए हैं। सरकार ने अलग से जलशक्ति मंत्रालय का गठन किया है ताकि पानी की सप्लाई और जल संचय बढ़ाने के लिए एक मिशन की रूप में काम किया जा सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि साल 2014 के आम चुनाव में जो जनसमर्थन मिला था इस बार उससे ज्यादा जनादेश मिला है। इसी की बदौलत तेजी से सुधार के कदम उठाए। उन्होंने कहा कि दरअसल एक तरह से कहा जा सकता है कि यह पिछले पांच सालों में किए गए कार्यों से बने मजबूत आधार का नतीजा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 1952 के बाद से अब तक में इस बार संसद का पहला सत्र सबसे ज्यादा कामकाज वाला रहा। जो रिकॉर्ड बन गया है। यह कोई सामान्य या मामूली उपलब्धि नहीं है, यह ऐतिहासिक मोड़ है। इसने आमजन की जरूरत और आशाओं के प्रति संसद को और जिम्मेदार बनाया है।
उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों के लिए पेंशन स्कीम, मेडिकल क्षेत्र में सुधार, लेबर रिफॉर्म, बैंकरस्पी कोड जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं और लगातार आगे भी ऐसे कदम उठाए जाएंगे। लेकिन, जब नीयत साफ हो, जनसमर्थन हो, तब इसकी कोई सीमा नहीं होती है कि हम क्या हासिल कर सकते हैं।