प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिनों के दौरे पर गुजरात पहुंच गए। यहं पहुंचकर उन्होंने नौवें वाइब्रेंट गुजरात का उद्घाटन किया। हवाई अड्डे पर पीएम का स्वागत करने के लिए मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली पहुंचे थे। इस सम्मेलन में कई देशों के कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भाग ले रहे हैं लेकिन इसमें पाकिस्तान की भागीदारी नहीं होगी।
राज्य सरकार और पत्र सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने मोदी की यात्रा का जो कार्यक्रम साझा किया है उसके अनुसार प्रधानमंत्री 17 से 19 जनवरी तक अपनी इस यात्रा के दौरान संघ शासित प्रदेश दादर एवं नागर हवेली की राजधानी सिलवासा भी जाएंगे।
गुजरात यात्रा के पहले दिन 17 जनवरी को मोदी वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद दोपहर में अहमदाबाद में नए अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। शाम को साबरमती नदी के तट पर प्रधानमंत्री एक ‘शॉपिंग मेले’ का भी उद्घाटन करेंगे। वह इन स्थानों पर लोगों को भी संबोधित करेंगे।