PM modi rally in ramlila maidan
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रामलीला मैदान में आयोजित रैली को कांग्रेस ने धोखा रैली बताया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि कच्ची कॉलोनी के लोगों को रजिस्ट्री का अधिकार दिए बिना धन्यवाद रैली आयोजित करना गरीब लोगों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के 40 लाख लोगों के साथ धोखा किया और एक भी व्यक्ति को रजिस्ट्री न देकर उनका मजाक उड़ाया है।
प्रधानमंत्री की रैली पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि रैली में लोगों को गुमराह करके रजिस्ट्री देने के बहाने बुलाया गया था, लेकिन उन्हें कोई रजिस्ट्री नहीं मिली। यही वजह थी कि जब लोग वहां से निकले तो अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे थे। सुभाष चोपड़ा आज उत्तरी पश्चिमी दिल्ली के नरेला में कांग्रेस द्वारा आयोजित हल्ला बोल रैली को सम्बोधित कर रह थे।
सुभाष चोपड़ा ने कहा कि एनआरसी और नागरिकता कानून ने लोगों के अंदर भय पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि उसी प्रकार कच्ची कॉलोनी को पक्का करने के नाम पर लोगों को क्या मिलेगा, यह सोचकर लोगों के मन में डर पैदा हो गया है क्योंकि सरकार लोगों के घरों को तोड़ने की बात भी कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की 700 से ज्यादा कॉलोनियों को न केवल उजाड़ने का प्रयास है बल्कि इन कॉलोनियों में जिन मकानों मे छोटी-छोटी दुकानें व कोई भी व्यवसायिक काम हो रहा है, उन पर सीलिंग की तलवार लटक गई है।